आगरा। ताजनगरी आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र अंतर्गत जैंगारा कस्बे में दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां थार जीप से आए मुंह ढके चार-पांच हमलावरों ने स्कूटी सवार दो युवकों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई की और पीड़ित व्यापारी से 65 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए।
वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद पुलिस द्वारा हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने मंगलवार सुबह कागारौल-किरावली मार्ग पर ट्रैक्टर खड़े कर जाम लगा दिया और जैंगारा कस्बे का बाजार पूरी तरह बंद रखा।
दुकान से लौट रहे युवकों की स्कूटी में थार से मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसेरी चाहर निवासी अमित चाहर की जैंगारा कस्बे के इंस्पेक्टर मार्केट में ‘सृष्टि पावर सॉल्यूशन’ नाम से इनवर्टर की दुकान है। सोमवार शाम लगभग साढ़े सात बजे अमित अपने साथी कर्मवीर चाहर के साथ स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि बसेरी चाहर मोड़ के पास पीछे से आ रही एक थार जीप ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। जैसे ही दोनों सड़क पर गिरे, थार से मुंह पर कपड़ा बांधे चार-पांच नकाबपोश हमलावर लाठी-डंडे लेकर नीचे उतरे और उन पर हमला बोल दिया।
65 हजार लूटे, गाड़ी की नंबर प्लेट पर लगा था गोबर
अमित और कर्मवीर की बेरहमी से पिटाई करने के बाद आरोपी अमित के पास रखे 65 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। हमलावरों ने पहचान छिपाने की नीयत से थार जीप की नंबर प्लेट पर गोबर लगा रखा था, जिससे वाहन का नंबर पढ़ा न जा सके।
ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर लगाया जाम, बाजार रहा ठप
घटना के बाद अगले दिन मंगलवार सुबह तक हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी न होने से क्षेत्रीय लोगों में पुलिस के प्रति तीखा रोष पनप गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कागारौल-किरावली मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर खड़े कर यातायात बाधित कर दिया। इसके विरोध में जैंगारा कस्बे के व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब 15 मिनट में जाम खुलवाया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष अंकुर राठी ने बताया कि घायल युवक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। चूंकि हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे और वाहन की नंबर प्लेट भी अस्पष्ट थी, इसलिए थार के रंग और अन्य भौतिक विशेषताओं के आधार पर आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की सुरागकशी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
- ‘ब्रेक साइलेंस, स्टॉप द वायलेंस’: आगरा के दयालबाग में बच्चों ने वॉकथन कर दिया सुरक्षित समाज का संदेश - November 25, 2026
- आगरा के कागारौल में थार सवार हमलावरों का कहर: स्कूटी सवार दो युवकों को पीटकर 65 हजार लूटे; ग्रामीणों ने लगाया जाम - November 25, 2026
- यूपी में कानून-व्यवस्था को धार: 10 IPS और 18 PPS समेत 28 पुलिस अधिकारियों के बंपर तबादले - November 25, 2026