आगरा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का शोर ताजनगरी की गलियों में देर रात तक गूंजता रहा। जैसे ही अहमदाबाद के मैदान पर जीत की मुहर लगी, आगरा के लोग घरों से बाहर निकल आए। शहर का कोना-कोना ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
मंत्री आवास और सोसायटियों में लगा ‘मिनी स्टेडियम’
शहर में सामूहिक रूप से मैच देखने का जबरदस्त क्रेज नजर आया। ईदगाह स्थित कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहाँ सैकड़ों प्रशंसकों ने एक साथ जीत का जश्न मनाया। वहीं, कमला नगर की अनुपम ओमेरियन सोसायटी में थिएटर साइज एलईडी स्क्रीन पर निवासियों ने मैच का लुत्फ उठाया।
सोसायटी अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने बताया कि अंतिम ओवर के रोमांच के बाद पूरा परिसर आतिशबाजी और ढोल की थाप पर झूम उठा।
खेरिया मोड़ पर ‘जश्न’ का जाम
जीत की खुशी का सबसे भव्य नजारा खेरिया मोड़ सेल्फी प्वाइंट पर देखने को मिला। यहाँ बड़ी स्क्रीन पर मैच देख रहे युवाओं का जोश इतना हाई था कि करीब आधे घंटे तक यातायात थम गया। तिरंगा लहराते युवाओं ने सड़कों पर ही नाचना शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, लेकिन हर कोई इस खुशी में शामिल नजर आया।
ग्रामीण अंचलों में भी दिखा जुनून
विश्व विजय का यह उत्साह केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक बुलंद दरवाजा क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ग्रामीणों ने मोबाइल और टीवी पर टकटकी लगाए रखी। जीत मिलते ही कस्बा बाजारों में जमकर पटाखे फोड़े गए और तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इनकी रही मौजूदगी
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने वालों में अनुज, विकल्प, मोहित गोयल, उमेश गोयल, मनीष अग्रवाल, शरद हसीजा, सिद्धार्थ मखीजा, रजत गुप्ता, विजित गुप्ता, शिल्पी गोयल, डॉली हसीजा, रानी गोयल, छवि अग्रवाल और अमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी शामिल रहे। महिलाओं और बच्चों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर इस गौरवशाली क्षण का आनंद लिया।
तीसरी बार बना भारत विश्व चैंपियन
भारतीय टीम ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर नया इतिहास रचा है। आगरावासियों का कहना है कि यह जीत लंबे समय तक याद रखी जाएगी, क्योंकि टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहकर अपना लोहा मनवाया है।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026