संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, फंदे पर लटका मिला शव

Crime REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव कराहरा में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। महिला का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के परिजनों ने मामले में ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

ये है मामला
थाना मलपुरा के गांव सहारा निवासी तेज सिंह ने जनवरी 2013 में अपनी पुत्री बृजेश 30 वर्ष का विवाह गांव कराहरा निवासी नाहर सिंह के साथ किया था। शादी में तय अनुसार दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही बृजेश के ससुरालीजन उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। वे उसके साथ रोजाना मारपीट भी करते थे। बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बृजेश की मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। ससुरालीजन घर से फरार थे।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इसकी जानकारी मिलते ही बृजेश के परिजन मौके पर आ गए। उन्होंने इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एस ओ मलपुरा तेजवीर सिंह ने बताया है कि मृतका के पिता ने पुलिस को ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।