किसी की नहीं होने दूंगा… मेरठ में शादी से इनकार पर सिरफिरे युवक ने बीच सड़क पर युवती को मारी गोली, हालत नाजुक

Crime

मेरठ: ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एकतरफा प्यार की सनक का बेहद खौफनाक चेहरा सामने आया है। शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने सहेली के साथ घर लौट रही 24 वर्षीय युवती को गोली मार दी। घटना रात करीब 11 बजे गणेशपुरी चौकी से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुई। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

रास्ता रोककर बनाया शादी का दबाव

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती अपनी सहेली और उसके पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया और जबरन बाइक की चाबी निकाल ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने युवती पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब युवती ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया, तो उनके बीच तीखी बहस हो गई। सहेली और उसके पति ने जब बीच-बचाव करना चाहा, तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की।

​पहली गोली चूकी, दूसरी कान के पास लगी

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और तमंचा निकालकर युवती पर पहली गोली चलाई। युवती के झुक जाने के कारण वह निशाना चूक गया। इसी बीच सहेली ने आरोपी को धक्का देकर गिरा दिया, लेकिन उठते ही उसने दोबारा फायरिंग कर दी। इस बार गोली सीधे युवती के कान के पास जा लगी, जिससे वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगी।

आरोपी युवती को धमकी दे रहा था कि “यदि वह उससे शादी नहीं करेगी, तो उसे किसी और का भी नहीं होने देगा।” भीड़ जुटती देख वह तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया।

​शादीशुदा होने के बावजूद पीछा करता था आरोपी

युवती की सहेली ने बताया कि एक दिन पूर्व युवती का जन्मदिन था, जिसके चलते वह उसके घर रुकी थी। आरोपी कैफ पहले से ही शादीशुदा है, बावजूद इसके वह लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। युवती समाज और बदनामी के डर से पुलिस के पास जाने से कतराती रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की तलाश जारी

घटना की सूचना पर ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुँच गई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामला पूरी तरह से एकतरफा प्रेम का लग रहा है।

फिलहाल पीड़िता का इलाज चल रहा है और उसकी हालत को देखते हुए पुलिस की प्राथमिकता उसे बचाना है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और लोगों में गहरा आक्रोश है।

Dr. Bhanu Pratap Singh