यदि संघ न होता तो क्या होता?… व्यक्ति निर्माण ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है: सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले

REGIONAL

आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को संस्कृति भवन, ललित कला संस्थान में एक प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “संघ ने क्या किया, यह हम न भी कहें, लेकिन यह जरूर सोचना चाहिए कि यदि संघ न होता तो आज समाज और राष्ट्र किस स्थिति में होता?”

होसबले ने अपने संबोधन में संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चिंतन, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक दृष्टि को याद करते हुए कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष किसी संगठन का नहीं, बल्कि समाज की एकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम का उत्सव है।

संघ के दीर्घकालिक योगदान का उल्लेख

सरकार्यवाह ने विवेकानंद स्मारक, अयोध्या राम मंदिर और अमरनाथ यात्रा प्रबंधन जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सारे कार्य समाज द्वारा किए गए, पर इन अभियानों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने वाले संघ के स्वयंसेवक ही रहे।

उन्होंने कहा कि 1925 में शुरू हुई संघ की यात्रा का उद्देश्य समाज को संगठित कर एक चारित्र्यवान, सक्षम और वैभवशाली राष्ट्र का निर्माण करना था।

“समाज की एकता और व्यक्ति निर्माण ही राष्ट्र निर्माण का आधार”

दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि व्यक्ति निर्माण ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि सेना और पुलिस के साथ राष्ट्र सेवा में बलिदान देने वाले संघ स्वयंसेवकों का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष का उद्देश्य यह संकल्प दोहराना है कि राष्ट्रप्रेम की भावना समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

दूसरे सत्र में जनता से संवाद

गोष्ठी के दूसरे सत्र में सरकार्यवाह ने उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज की एकता, जनसंख्या नियंत्रण, समान नागरिक संहिता और सामाजिक समरसता जैसे मुद्दों पर संघ के दृष्टिकोण को स्पष्ट किया।

विभिन्न क्षेत्रों के लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में आगरा महानगर के प्रमुख व्यवसायी, शिक्षाविद्, चिकित्सक, अधिवक्ता, वैज्ञानिक, पत्रकार, साहित्यकार, खेल जगत से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति और विभिन्न क्षेत्रों के इन्फ्लुएंसर उपस्थित रहे।

संघ के प्रमुख पदाधिकारियों में राजकुमार मटाले (अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख), जगदीश (अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख), महेन्द्र (क्षेत्र प्रचारक), अजीत महापात्र (अखिल भारतीय गौ संयोजक) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

संघ के सामाजिक कार्यों की प्रस्तुति

गोष्ठी में संघ द्वारा शिक्षा, सेवा, ग्राम विकास, गौ-पालन, आपदा राहत और राष्ट्रीय जागरण से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार और प्रमोद चौहान ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Dr. Bhanu Pratap Singh