राधा-कृष्ण के नृत्य से गूंजा रामलाल आश्रम
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. आगरा विकास मंच द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में सिकंदरा स्थित रामलाल आश्रम भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया। आश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों के बीच जब राधा और कृष्ण के स्वरूपों ने नृत्य किया, तो पूरा वातावरण वृंदावन की पावन गलियों जैसा प्रतीत होने लगा। श्रद्धालु प्रेम और भक्ति से ओत-प्रोत होकर “राधे-कृष्ण” के जयकारे लगाने लगे।
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष और संयोजक ने दी शुभकामनाएँ
समारोह में आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन और संयोजक सुनील कुमार जैन ने उपस्थित बुजुर्गों, आश्रम पदाधिकारियों और सेवा कार्यों में लगे व्यक्तियों को होली की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा,
“आप स्वयं को परिवार से अलग न समझें। आश्रम और आगरा विकास मंच के संस्थापक अशोक जैन द्वारा बुजुर्गों के साथ हर पर्व को मंच के पदाधिकारी एवं जैन परिवार के सदस्यों के साथ मनाने की शुरुआत की गई थी। इसी परंपरा के अंतर्गत आज हम होली का पर्व आपके साथ मना रहे हैं। सदैव आपके साथ हर पर्व को आपके पुत्र-पुत्री के समान मनाते रहे हैं और मनाते रहेंगे, जिससे आपको कभी अकेलापन महसूस न हो। प्रेम और सौहार्द्र के इस होली के पर्व को मिलकर हर्षोल्लास से मनाएँ।”
रामलाल आश्रम के अध्यक्ष ने व्यक्त किया आभार
समारोह का संचालन करते हुए रामलाल आश्रम के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस आयोजन को आश्रमवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बताया और कहा कि यह पर्व उनके जीवन में नई ऊर्जा और उमंग भरने का कार्य करेगा।
फूलों की होली और भक्ति संगीत ने रचा आध्यात्मिक माहौल
समारोह में 300 से अधिक बुजुर्गों और आश्रम के पदाधिकारियों ने फूलों की होली खेली। जब यमुना के तट पर स्थित आश्रम में राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने नृत्य किया और फूलों से होली खेली, तो वहां उपस्थित सभी वृद्ध माताओं-पिताओं ने मंत्रमुग्ध होकर इस दृश्य को निहारा। ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा आश्रम वृंदावन की गलियों, गोकुल और मथुरा में परिवर्तित हो गया हो। भक्ति और श्रद्धा से भरे इस दृश्य ने सभी को भावविभोर कर दिया।
समारोह में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर अमर उजाला आगरा के संपादक श्री भूपेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा, आगरा विकास मंच के महामंत्री सुशील जैन, मंत्री प्रवक्ता संदेश जैन, जयरामदास, राम बिहारी गौतम, विनय कुमार शर्मा, राजकुमार गुप्ता, सविता सारस्वत, मायरा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
संस्कार और सेवा का संदेश
इस आयोजन ने बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल के प्रति समाज को प्रेरित किया। आगरा विकास मंच द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए उपस्थितजनों ने इसे समाजसेवा और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम बताया।
- Sai Ganga Panakeia (Novadigm Health) Debuts VPK42-Based ‘Docture-Poly’ for Personalized Healthcare Revolution - May 6, 2025
- Agra News: नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका - May 6, 2025
- अखिलेश यादव का बड़ा दावा, बोले- साक्षी महाराज को जिस दिन चाहेंगे, सपा में शामिल कर लेंगे - May 6, 2025