वाराणसी। आस्था की नगरी वाराणसी एक बार फिर शर्मसार हुई है। पवित्र गंगा नदी की लहरों के बीच नाव पर मांस पकाने और शराब पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला वाराणसी के दशाश्वमेध घाट का है। वायरल वीडियो में भाजपा के एक पार्षद की नाव पर लोग मौज-मस्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और नाव को सीज कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
सोमवार शाम लगभग 1 मिनट 15 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि यह नाव अगस्तकुंडा क्षेत्र के बीजेपी मनोनित पार्षद सत्यनारायण साहनी उर्फ ‘तन्ना’ की है, जो वर्तमान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के उपाध्यक्ष भी हैं। वीडियो में नाव के अंदर मांस पकाया जा रहा था और शराब पार्टी चल रही थी। गंगा की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले इस वीडियो ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
कांग्रेस का हमला: ‘भाजपा का दोहरा चरित्र’
इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस ने लिखा, “वाराणसी में नगर निगम सीमा क्षेत्र में भाजपा मेयर ने मांस-मछली की बिक्री पर रोक का प्रस्ताव पास किया है। अब इनका दोहरा चरित्र देखिए कि उसी भाजपा के पार्षद की नाव पर गंगा की लहरों के बीच सरेआम शराब परोसी जा रही है और चिकन पकाया जा रहा है।” कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से इस पर जवाब भी मांगा है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही दशाश्वमेध घाट पुलिस हरकत में आई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच है।
एसीपी ने स्पष्ट किया कि वीडियो देखने से वह कुछ पुराना प्रतीत हो रहा है। भाजपा पार्षद की संलिप्तता के सवाल पर उन्होंने कहा, “वीडियो में पार्षद दिखाई नहीं पड़ रहे हैं, संभवतः नाव उनकी या उनके परिवार के सदस्य की हो सकती है। जांच जारी है।” पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसा कोई भी कृत्य न करें जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों, अन्यथा कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वाराणसी में गंगा की लहरों पर बिरयानी पार्टी करने के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं गंगा की शुचिता को बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
- आगरा में सड़क हादसों का ‘ब्लैक ट्यूजडे’: तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 7 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर - June 23, 2026
- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज: कहा- भाजपाइयों के महापाप की परतें खुल रही हैं, अब ढंकने की तैयारी शुरू - June 23, 2026
- बरेली में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘चूड़ियों’ से विरोध: सफाईकर्मी ने स्वास्थ्य अधिकारी पर फेंकी चूड़ियां, कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर योगी सरकार को घेरा - June 23, 2026