up election result agra

UP Election result 2022 आगरा में अग्रवाल नेताओं की कलई खुली, सांसद एसपी सिंह बघेल की चेतावनी काम आई, सिर्फ यहां देखें हर सीट का फुल चुनाव परिणाम

Election POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Agra, Uttar Pradesh, India. आखिरकार आगरा के अग्रवालों की कलई खुल ही गई। अग्रवालों ने पुरुषोत्तम खंडेलवाल के खिलाफ खूब षड्यंत्र किए। धमकियां दीं। भाजपा के बड़े नेताओं के यहां बस भरकर पहुंचे। कुछ अखबारों में खबरें छपवाकर अमित शाह और जेपी नड्डा तक कटिंग पहुंचवाईं। उद्देश्य एक ही था कि पुरुषोत्तम खंडेलवाल का टिकट कटवाया जाए। किसी भी अग्रवाल को टिकट देने का अभियान चलाया। इसमें भाजपा के अग्रवाल पदाधिकारी भी थे। पर उनकी एक न चली। भाजपा ने पुराने कार्यकर्ता पुरुषोत्तम खंडेलवाल पर ही दांव लगाया। जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया। आगरा में सबसे बड़ी जीत हासिल की। 1,12,371 मतों से जीत हासिल करके रिकॉर्ड कायम कर दिया। अग्रवालों को अब मुँह छिपाने लायक जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने हल्ला तो यह मचाया था कि अग्रवाल नाराज हो गए तो आगरा उत्तर सीट ही नहीं, यूपी में 150 सीटों का नुकसान होगा। अब यह सिद्ध हो गया है कि आगरा में अग्रवालों का ठेकेदार कोई नहीं है।

अब आते हैं एत्मादपुर सीट पर। भाजपा प्रत्याशी डॉ. धर्मपाल सिंह को खुटका लगा कि बसपा प्रत्याशी राकेश बघेल की ओर बघेल वोट मुड़ रहा है। उन्होंने तुरुप का पत्ता चला। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन करहल से भाजपा प्रत्याशी और केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की आंवलखेड़ा में जनसभा करा दी। प्रो. बघेल ने बघेल मतदाताओं को मंच से कड़ी चेतावनी दी। ऐसी-ऐसी बातें कहीं कि बघेल वोटर के दिमाग में कोई अन्यथा बात थी भी तो साफ हो गई। उन्होंने कई बार कहा- टाइगर अभी जिन्दा है। यह सुनकर तो तालियों की गड़गड़ाहट हो जाती थी। यह कहकर भावनात्मक रिश्ता जोड़ा- लेखपाल (बसपा प्रत्याशी) के चक्कर में डीएम (एसपी सिंह बघेल) को सस्पेंड मत करा देना। एसपी सिंह बघेल की पत्नी श्रीमती मधु बघेल ने भी गांव-गांव भ्रमण करके बघेल वोट को एकजुट किया। एसपी सिंह बघेल ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि बघेल वोटर उनकी बात मानता है।

इसी तरह से फतेहाबाद और बाह सीट के बार में कहा जा रहा था कि जितेन्द्र वर्मा के सपा में शामिल होने से सारा निषाद वोट भाजपा से भाग जाएगा। राजनीतिक विश्लेषक इस तरह की बातें कर रहे थे। कुछ भी तो नहीं हुआ। खेरागढ़ से कांग्रेस का खाता खुलने की भविष्यवाणी कर रहे थे हमारे पत्रकार साथी। हुआ क्या, इन सीटों पर भी भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। कुल मिलाकर 2017 का इतिहास भाजपा ने दोहराया है जो एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे कोई अन्य पार्टी शायद गी तोड़ पाए।

 

आगरा उत्तर सीट

भाजपा के सिटिंग विधायक रहे पुरुषोत्तम खण्डेलवाल ने इस चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी के शब्बीर अब्बास को 1,12,371 मतों से हराया। पुरुषोत्तम ने 1,53,817 मत प्राप्त किये। जबकि शब्बीर को 41,447 मत मिले। तीसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के ज्ञानेंद्र रहे। उन्हें 34,403 मत मिले।

बाह सीट

भाजपा की सिटिंग विधायक रानी पक्षालिका सिंह की जीत का अंतर सबसे कम रहा। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के मधुसूदन शर्मा को 24,235 मतों से हराया। पक्षालिका को 78,360 मत मिले। मधुसूदन को 54,125 मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर बसपा के नितिन वर्मा रहे। उन्हें 50,618 मत मिले।

आगरा ग्रामीण सीट

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने आगरा ग्रामीण सीट पर 1,37,310 मतों के साथ जीतीं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी की किरणप्रभा केशरी को 76,608 मतों से हराया। किरण को 60,702 मत मिले। तीसरे स्थान पर सपा-रालोद गठबंधन के महेश ठाकुर रहे। उन्हें 52,731 मत मिले।

आगरा छावनी सीट

भाजपा के विधायक व राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने 1,17,796 वोट हासिल करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के कुंवर चन्द्र वकील को 48,697 वोटों से हराया। कुंवर चन्द्र को 69,099 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी के भारतेन्द्र कुमार अरुण को 54,409 वोट मिले।

आगरा दक्षिण सीट

भाजपा के विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने 1,09,262 मतों के साथ जीत पाई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के विनय अग्रवाल को 56,640 मतों से हराया। विनय को 52,622 मत मिले। तीसरे स्थान पर बसपा के रवि भारद्वाज रहे। उन्हें 38,219 मत मिले।

फतेहाबाद सीट

भाजपा के छोटेलाल वर्मा ने 1,08,577 मतों के साथ जीत पाई। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की रूपाली दीक्षित को 53,392 मतों से हराया। रूपाली को 55,185 मत मिले। तीसरे स्थान पर बसपा के शैलेंद्र सिंह रहे। उन्हें 40,896 मत मिले।

एत्मादपुर सीट

भाजपा के डॉ. धर्मपाल सिंह ने 1,35,125 मतों के साथ जीत पाई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राकेश बघेल को 46,445 मतों से हराया। प्रबल को 88,680 मत मिले। तीसरे स्थान पर सपा के वीरेंद्र सिंह चौहान रहे। उन्हें 42,626 मत मिले।

खेरागढ़ सीट

भाजपा के भगवान सिंह कुशवाह ने 96,574 मतों के साथ जीत पाई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रामनाथ सिकरवार को 36,497 मतों से हराया। सिकरवार को 60,077 मत मिले। तीसरे स्थान पर बसपा के गंगाधर कुशवाह रहे। उन्हें 28,988 मत मिले।

फतेहपुरसीकरी सीट

पर भाजपा के चौधरी बाबूलाल ने 1,11,519  मतों के साथ जीत पाई। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा-रालोद गठबंधन के ब्रजेश चाहर को 47,011 मतों से हराया। ब्रजेश को 64,508 मत मिले। तीसरे स्थान पर बसपा के महेश कुमार रहे। उन्हें 59,530 मत मिले।

 

 

Dr. Bhanu Pratap Singh