यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा है कि उनका देश आत्मसमर्पण नहीं करेगा. कुलेबा ने कहा, ”यूक्रेन कूटनीतिक समाधान के लिए तैयार है लेकिन हम न तो सरेंडर करेंगे और न ही उनकी शर्तों के सामने झुकेंगे.” यूक्रेन के विदेश मंत्री का यह बयान तब आया था, जब बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि बात कर रहे थे.
कुलेबा ने कहा कि उन्हें नहीं पता है कि वार्ता कब तक चलेगी. उन्होंने कहा कि इस जंग में जीत यूक्रेन की होगी.
कुलेबा ने सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा, ”मैं एक डिप्लोमैट हूँ और मुझे वार्ता की सफलता पर भरोसा है. लेकिन एक डिप्लोमैट होने के नाते मेरा लक्ष्य यह भी है कि रूस पर अधिकतम प्रतिबंध लगे. यूक्रेन को ज़्यादा से ज़्यादा हथियार मिले और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रूस को अलग-थलग किया जा सके. यह मेरी डिप्लोमैसी का अहम हिस्सा है.”
रूस ने यूक्रेन पर ज़मीन और आसमान दोनों तरफ़ से हमला शुरू कर दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ रूस ने कई बड़े शहरों को निशाना बनाया है. हमले के कारण यूक्रेन के लोग जान बचाने के लिए पूर्वी यूरोप के देशों में भाग रहे हैं. पश्चिमी देश रूस पर लगातार प्रतिबंध बढ़ा रहे हैं. सोमवार को प्रतिबंधों के कारण रूस की मुद्रा रूबल में अमेरिका डॉलर के मुक़ाबले 29 फ़ीसदी की गिरावट आई है.
कुलेबा ने कहा कि रूस के आम लोगों को पुतिन के कारण भुगतना पड़ रहा है. कुलेबा ने कहा कि रूस के हर रूबल पर यूक्रेन का ख़ून लगा हुआ है.
सैटेलाइट इमेजरी कंपनी मैक्सर टेक्नोलॉजी ने कहा है कि पहले रूसी सैनिकों का हथियारबंद काफिला यूक्रेन की ओर 27 किलोमीटर लंबा था, जो अब 60 किलोमीटर से ज़्यादा हो गया है.
मैक्सर ने कहा है कि नई तस्वीरों से साफ़ होता है कि दक्षिणी बेलारूस में भी रूसी सैनिक और हेलिकॉप्टर मौजूद हैं, जो यूक्रेन की सीमा से महज़ 20 किलोमीटर की दूरी पर है.
-एजेंसियां
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026
- आगरा में आध्यात्मिक और राष्ट्र-कल्याण का महापर्व: 251 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में - October 20, 2026