रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ₹690 करोड़ से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास और समाज कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें चेक, प्रशस्ति-पत्र व लैपटॉप वितरित किए।
मेधावियों और लाभार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के लाभार्थियों को लैपटॉप, ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत अनुदान राशि तथा ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के लाभार्थियों को चेक का वितरण किया गया। साथ ही, प्रदेश के विकास में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।
’विकास ही नया उत्तर प्रदेश का आधार’
रामपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत का सम्मान करते हुए अर्थव्यवस्था को नई गति कैसे दी जा सकती है, इसका सशक्त मॉडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में विकसित हो रहा ‘नया उत्तर प्रदेश’ है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण विकास का सबसे मजबूत आधार बन चुका है। पहले जहां सड़कें मात्र 3 मीटर चौड़ी हुआ करती थीं, वे आज 7 मीटर, 10 मीटर और फोर-लेन सड़कों में परिवर्तित हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां-जहां से विकास के प्रस्ताव आए, सरकार ने उन्हें सहमति देकर आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुधार
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में जहां भी इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई की आवश्यकता है, वहां उनकी स्थापना कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुराने इंटर कॉलेजों को ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ तथा बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों को ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से आधुनिक और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि उनका एक ही प्रण है कि विकास की प्रक्रिया से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे और समाज के हर वर्ग को समान रूप से आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों।
- अयोध्या: दिनभर हाउस अरेस्ट के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने किए रामलला के दर्शन, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप - July 1, 2026
- Agra News: कुकथला में पनीर फैक्ट्री पर FSDA का छापा, 50 किलो मिलावटी पनीर और 150 लीटर दूध मौके पर नष्ट - June 30, 2026
- Agra News: कैलाश मोड़ पर बनेगा भव्य द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, मंदिर निर्माण समिति ने बदली परियोजना की जगह - June 30, 2026