आगरा। आगरा सिविल एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अर्जुन नगर गेट के नजदीक एयरफोर्स स्टेशन परिसर में बनाए गए लाऊंज का सोमवार को लोकार्पण हो गया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने लाऊंज का उद्घाटन किया। लाऊंज शुरू होने से फ्लाइट पकड़ने पहुंचने वाले यात्रियों की बहुत बड़ी समस्या दूर हो गई है।
लाऊंज का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के बारे में भी जानकारी की। उन्होंने समूचे लाऊंज को देखा भी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
सड़क पर इंतजार करते थे यात्री
आगरा एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए उड़ानें हैं। फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियो को अर्जुन नगर गेट से बसों द्वारा एयरपोर्ट तक ले जाया जाता था। अर्जुन नगर गेट के सामने सड़क पर खड़े होकर ही यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। गेट के दोनों ओर दुकानें हैं। मार्केट में टॊयलेट तक की सुविधा न होने से यात्रियों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता था। विपरीत मौसम में तो यात्रियों को बहुत ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती थी। बारिश में भीगना, सर्दी में ठिठुरना और गर्मी में पसीने-पसीने होना यात्रियों की नियति बन चुकी थी।
2016 में आया था लाऊंज का प्रस्ताव
यात्रियों की इसी असुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2016 में अर्जुन नगर गेट के पास ही एयरफोर्स परिसर में एक लाऊंज बनाने का प्रस्ताव एयरपोर्ट अथॊरिटी ने रखा था। एयरफोर्स की सहमति मिलने के बाद मार्च 2022 में रक्षा मंत्रालय ने भी लाऊंज के लिए अनुमति दे दी थी। इसके बाद एयरफोर्स और एयरपोर्ट अथॊरिटी के बीच लाऊंज के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी हो गए थे।
तैयार होने के 13 माह बाद लोकार्पण
इसी साल लाऊंज का निर्माण कार्य शुरू हो गया था। एयरपोर्ट अथॊरिटी ने इस लाऊंज के निर्माण पर लगभग सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसका निर्माण दिसंबर 2023 में पूरा हो गया था। अब 13 महीने के बाद इसका लोकार्पण सोमवार को हो गया है। लाऊंज के लोकार्पण न होने पर सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा निरंतर लिखा-पढ़ी कर रही थी।
अब सीधे लाऊंज में पहुंचेंगे यात्री
आगरा एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने के लिए अर्जुन नगर गेट पर पहुंचने वाले यात्री अब तक गेट के बाहर सड़क पर खड़े होकर ही इंतजार करते थे। इंडिगो की बस से वे एयरपोर्ट पहुंचते थे। अब लाऊंज शुरू होने के बाद यात्री सीधे लाऊंज में पहुंचेंगे। यहीं पर चेक इन की औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। इसके बाद फ्लाइट आने पर यात्रियों को लाऊंज से बस द्वारा एयरपोर्ट ले जाया जाएगा।
लाऊंज में है हर तरह की सुविधा
इस लाऊंज में हर तरह की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। कॊफी शॊप समेत वे सारी सुविधाएं मिलेंगी ताकि यात्रियों को इंतजार अखरे नहीं। लाऊंज शुरू करने से पहले एयरपोर्ट ने इसे एक बार फिर से चमका दिया है।
सिविल एन्क्लेव बनने के बाद एयरफोर्स का होगा लाऊंज
आगरा-जगनेर रोड पर बन रहे आगरा एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अर्जुन नगर गेट पर बनाए गए लाऊंज को उपयोग के एयरफोर्स को दे दिया जाएगा। यही नहीं, वर्तमान सिविल एन्क्लेव भी तब एयरफोर्स के ही उपयोग के लिए होगा। जगनेर रोड पर धनौली के नजदीक बन रहे सिविल एनक्लेव के तीन साल में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मौजूदा एन्क्लेव और अर्जुन नगर गेट पर यात्रियों को आने की जरूरत नहीं रहेगी।
- आगरा के ताजगंज क्षेत्र में रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ई-मेल मिलने से मचा हड़कंप, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और पुलिस कर रही चप्पे-चप्पे की जांच - September 17, 2026
- आगरा के व्यस्त बेलनगंज बाजार में बीच सड़क पर मारपीट: एसीपी कार्यालय के पास युवकों को गिराकर पीटने का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप - September 17, 2026
- आगरा में नामकरण की खुशियों से ठीक पहले मातम: एक ही कंबल में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डसा, बहन की मौत और भाई अस्पताल में भर्ती - September 17, 2026