पूर्व प्रधान के घर में बिखरा पड़ा सामान

चोरों ने पूर्व प्रधान के घर को बनाया निशाना, लाइसेंसी हथियार समेत लाखों का सामान चोरी

Crime REGIONAL

क्षेत्रीय लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष, घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग

Agra (Uttar Pradesh, India). जनपद के थाना सैंया क्षेत्र के गांव मुखरई में सोमवार रात को चोरों ने पूर्व प्रधान के घर को अपना​ निशाना बना लिया। चोर घर से लाइसेंसी रायफल समेत लाखों रुपए की नकदी तथा जेवरात लेकर भाग गए। घटना से क्षेत्रीय लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। उन्होंने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। वहीं पीड़ित ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।

ये है मामला
थाना सैंया क्षेत्र के गांव मुखरई निवासी उदय सिंह पिप्पल पूर्व ग्राम प्रधान है। रोजाना की तरह सोमवार रात को वह अपने परिवार के साथ सोया था। रात को छत के रास्ते से चोर उसके घर में आ गए। जिस कमरे में परिजन सो रहे थे। चोरों ने उसे बाहर से बंद कर दिया। जिसके बाद वे अलमारी तोड़कर घर में चोरी करने लगे। पड़ोसी ताराचंद ने उदय सिंह की छत पर एक अज्ञात व्यक्ति को देख लिया। जिसके बाद उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी जाग गए। इससे चोरों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वे भागने में सफल रहे।

पूर्व प्रधान को लगा सदमा
घर में सारा सामान बिखरा देखकर पूर्व प्रधान उदय सिंह के होश उड़ गए। उसने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस आ गई। उदय सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर उसके घर से करीब चार लाख रुपए नगद, बीस तोले सोने व चांद के जेवरात, एक लाइसेंसी रायफल, तीस जिंदा कारतूस, समेत अन्य सामान चुरा ले गए हैं। घटना के बाद से ही उदय सिंह को सदमा लग गया है।

क्षेत्रीय लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष
वहीं पूर्व प्रधान के घर लाखों की चोरी होंने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। क्षेत्र में जगह जगह पूर्व प्रधान के घर में हुई चोरी की चर्चा होंने लगी। वहीं लोगों में स्थानीय पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने पुलिस से घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है।

ये बोले पुलिस अधिकारी
क्षेत्राधिकारी खेरागढ़ ने बताया है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। जल्द ही पुलिस घटना का खुलासा कर देगी।