जसराना से गूंजा शिक्षा का शंखनाद: ‘स्कूल चलो अभियान’ में उमड़ी भारी भीड़, बीईओ भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में जागरूकता रैली ने जगाई अलख

स्थानीय समाचार

1 से 15 अप्रैल तक प्रथम चरण, जुलाई में दूसरे चरण का कार्यक्रम

जनप्रतिनिधियों ने सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर गिनाकर किया प्रेरित

निपुण भारत मिशन व प्री-प्राइमरी शिक्षा की उपलब्धियां रहीं केंद्र में

नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत, उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मानित

फिरोजाबाद। जसराना स्थित पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय में बुधवार को “स्कूल चलो अभियान” का जनपद स्तरीय शुभारम्भ पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुई। तदुपरान्त मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति अलख जगाने का काम किया।

खंड शिक्षाधिकारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा को जनांदोलन बनाने पर जोर दिया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण एक से 15 अप्रैल तक संचालित होगा, जबकि द्वितीय चरण एक से 15 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ें।

मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। परिषदीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनपद को निपुण विद्यालय एवं कायाकल्प योजना में अग्रणी स्थान मिलने पर शिक्षकों और विभागीय टीम की सराहना की।

जिलाध्यक्ष भाजपा उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान में सरकारी स्कूलों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि परिषदीय विद्यालय अब बेहतर संसाधनों, योग्य शिक्षकों और योजनाओं से सुसज्जित हैं, ऐसे में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराया जाए। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने निपुण भारत मिशन और प्री-प्राइमरी शिक्षा की उपलब्धियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्हें स्टेशनरी किट एवं निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित कर शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाया गया।

इसके साथ ही सर्वाधिक नामांकन करने वाले छह विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया व रीमा सिंह यादव ने किया।

अंत में जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में भी रैली निकालकर “स्कूल चलो अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

संगठित प्रयासों से अभियान सफल, भूपेंद्र सिंह की सराहना

जसराना में आयोजित “स्कूल चलो अभियान” की सफलता में खंड शिक्षाधिकारी भूपेंद्र सिंह का कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी कार्यक्षमता प्रमुख रूप से परिलक्षित हुई। उनके निर्देशन में विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच सशक्त समन्वय स्थापित हुआ, जिससे अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिली।

उन्होंने जनपद स्तर पर योजनाबद्ध रणनीति के साथ कार्य करते हुए नामांकन बढ़ाने के प्रति विशेष सक्रियता दिखाई। उनके प्रयासों से विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश को लेकर अभिभावकों में उत्साह बढ़ा। शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण में उनकी नेतृत्व क्षमता सराहनीय रही, जिसके लिए उन्हें व्यापक प्रशंसा प्राप्त हुई।

रिपोर्ट-  जेपी सिंह

Dr. Bhanu Pratap Singh