आगरा। आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आते ही पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने युवती को बहाने से खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना के करीब एक महीने बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़िता तक पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, इरादतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली करीब 18 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक युवक उसे खेत में ले गया था। वहां पहले से मौजूद दूसरे युवक ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में गांव के रहने वाले छोटा और विशाल नाम के दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि छोटा ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि विशाल ने घटना का वीडियो बनाया।
वायरल वीडियो ने खोले मामले के राज
घटना से जुड़ा एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। वीडियो में एक युवती रोते हुए और हाथ जोड़कर सामने खड़े युवकों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही थी। वीडियो में युवती यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि उसने आरोपियों पर भरोसा किया था, लेकिन उसके साथ विश्वासघात किया गया। वह यह भी कहती है कि अब वह उन पर कभी विश्वास नहीं करेगी। वहीं, वीडियो में कुछ युवक आपस में बातचीत करते हुए भी नजर आते हैं। एक युवक खुद को खेत में मौजूद होने की बात कहता है, जबकि दूसरा युवक यह दावा करता है कि वह वहां रखवाली कर रहा था। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति वीडियो बनाता दिखाई देता है।
वीडियो सामने आते ही सक्रिय हुई पुलिस
रविवार को मामले की जानकारी मिलते ही इरादतनगर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पीड़िता तक पहुंचकर उससे पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। पीड़िता से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि यह घटना करीब एक महीने पुरानी बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका थी और क्या किसी ने पीड़िता की मदद करने के बजाय घटना को छिपाने या बढ़ावा देने का प्रयास किया।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026