आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संपर्क प्रमुख आनंद कुमार का सोमवार को सहारनपुर में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही संघ विचार परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। संघ के स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों ने उन्हें आजीवन समर्पित, कर्मठ और अनुशासित संगठनकर्ता के रूप में याद किया। आनंद कुमार मूल रूप से आगरा के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद कुमार इन दिनों सहारनपुर में संघ के प्राथमिक वर्ग के प्रवास पर थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। साथियों ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रांत सह प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि आनंद जी का पारिवारिक निवास आगरा की विजय नगर कॉलोनी में स्थित है। उनकी प्रारंभिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई आगरा में ही हुई थी। यहीं से उनका जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हुआ और वे जीवनपर्यंत संघ विचारधारा के प्रति समर्पित रहे।
आनंद कुमार ने वर्ष 1982 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बावजूद उन्होंने सांसारिक उन्नति के बजाय राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देते हुए वर्ष 1984 में संघ प्रचारक के रूप में पूर्णकालिक दायित्व स्वीकार किया। संगठनात्मक जीवन की शुरुआत उन्होंने तहसील प्रचारक के रूप में की और बाद में मेरठ में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी निभाई।
उनकी कार्यकुशलता और समर्पण को देखते हुए संघ ने उन्हें कानपुर प्रांत का प्रांत प्रचारक नियुक्त किया, जहां उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान की। इसके अतिरिक्त वे कुछ समय तक सेवा भारती में क्षेत्रीय अधिकारी के रूप में भी सेवाएं देते रहे। वर्तमान में वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संपर्क प्रमुख के रूप में सामाजिक एवं संगठनात्मक समन्वय का महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रहे थे।
मंगलवार को आगरा में होगा अंतिम संस्कार
आनंद कुमार की अंतिम यात्रा मंगलवार को उनके आवास 9, नार्थ विजय नगर कॉलोनी, आगरा से प्रातः 11 बजे निकलेगी, जो ताजगंज श्मशान घाट पहुंचेगी। वहीं वैदिक विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्वयंसेवक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
संघ परिवार ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
- श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा जाने से पहले पढ़ लें ये खबर: होटल हुए फुल, बांके बिहारी मंदिर की मंगला आरती और दर्शन को लेकर तय हुए सख्त दिशा-निर्देश - August 21, 2026
- श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा जाने से पहले पढ़ लें ये खबर: होटल हुए फुल, बांके बिहारी मंदिर की मंगला आरती और दर्शन को लेकर तय हुए सख्त दिशा-निर्देश - August 21, 2026
- वृंदावन में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, आगरा रेफर हुआ एक गंभीर घायल - August 21, 2026