लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UPMSP) ने इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से शुरू होंगी और चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूरा कार्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दिया गया है।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक प्रैक्टिकल परीक्षाओं का पहला चरण 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक चलेगा। हालांकि यूपी टेट परीक्षा के चलते 29 और 30 जनवरी को प्रैक्टिकल परीक्षाओं का अवकाश रहेगा। वहीं दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा।
जिलों को दो समूहों में बांटकर परीक्षा कराई जाएगी। पहले समूह में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के जिले शामिल किए गए हैं। जबकि दूसरे समूह में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जिलों को रखा गया है।
बोर्ड ने जारी की सख्त गाइडलाइन
प्रैक्टिकल परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यूपी बोर्ड ने सभी प्रधानाचार्यों के लिए गाइडलाइन जारी की है। निर्देशों के अनुसार परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी अनिवार्य होगी और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर यह रिकॉर्डिंग कभी भी मांगी जा सकती है।
ऐसे जुड़ेंगे प्रैक्टिकल के अंक
बोर्ड के अनुसार हाईस्कूल की प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी। हाईस्कूल के प्रैक्टिकल अंकों में नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक भी जोड़े जाएंगे। इन अंकों को स्कूल के प्रधानाचार्य स्वयं ऑनलाइन अपलोड करेंगे।
इसी तरह इंटरमीडिएट में भी नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक ऑनलाइन जोड़े जाएंगे। इसके लिए बोर्ड का पोर्टल 10 जनवरी 2026 से खोल दिया जाएगा। बोर्ड ने सभी विद्यालयों को समय से अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परिणाम जारी करने में किसी तरह की देरी न हो।
- जनसुनवाई के बाद सीधे स्कूलों पर आगरा डीएम मनीष बंसल का धावा: छात्राओं की क्लास ली, खुद खाना चखा और पढ़ाई-सुरक्षा की परखी जमीनी हकीकत - August 18, 2026
- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026