पटना। बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एनडीए और महागठबंधन, दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर तकरार बढ़ती जा रही है। जहां एनडीए अपने घटक दलों को साधने में जुटी है, वहीं महागठबंधन में भी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक चंद्रहास चौपाल ने सीट बंटवारे पर विवादित बयान देकर नया राजनीतिक माहौल बना दिया है।
राजद विधायक चंद्रहास चौपाल, जो सिंहेश्वर विधानसभा सीट से विधायक हैं, ने कहा — “क्या हम हारने के लिए बिहार में कांग्रेस को 76 सीटें दें?”
उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक है, जबकि एनडीए में भगदड़ मची हुई है। चौपाल ने कहा, “एनडीए के जिला सम्मेलनों में कुर्सियां और मंच तोड़े जा रहे हैं, जिससे साफ है कि अंदरूनी स्थिति बिगड़ चुकी है।”
एनडीए पर किया पलटवार
राजद विधायक ने एनडीए के घटक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि “कभी चिराग पासवान नाराज होते हैं, तो कभी अन्य दलों के नेता असंतुष्ट दिखते हैं।” इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में सीटों को लेकर चर्चा और सर्वे के आधार पर फैसला लिया जा रहा है।
मांझी पर तीखा हमला
राजद विधायक ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मांझी जी कभी नाराज हो जाते हैं, तो कभी खुद को पीएम नरेंद्र मोदी का चेला बताते हैं। वे कहते हैं कि अगर सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं तो चुनाव नहीं लड़ेंगे — इससे एनडीए की अंदरूनी स्थिति स्पष्ट हो जाती है।”
चुनाव की सरगर्मी के बीच राजद विधायक का यह बयान न सिर्फ महागठबंधन के भीतर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि एनडीए की एकता पर भी तंज कसता है।
- मुख्यमंत्री जी गुंडों को पनाह दे रहे हैं… कैबिनेट मंत्री राजभर के “सबसे बड़ा गुंडा” वाले बयान पर सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज का तीखा प्रहार - November 3, 2026
- अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण और बिना लिखित परीक्षा नियुक्ति का ऐलान: यूपी की राजनीति में गेम चेंजर बन सकता है सीएम योगी का यह फैसला - November 3, 2026
- ‘युग बदलना है तो पहले स्वयं को बदलें’ — गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में जे.पी. नड्डा - November 3, 2026