Agra, Uttar pradesh, India. उत्तर प्रदेश के आगरा में रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी ने अपना 25 वां स्थापना दिवस आज होटल ताज व्यू में स्वच्छ पानी और सफाई को समर्पित एक जागरूकता गोष्ठी के साथ मनाया। चार्टर्ड नाइट रखी गई, जिसमें संस्थापक सदस्यों को सम्मानित किया गया।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नागरिक संगठन के रूप में हमारे लिए दोहरी जिम्मेदारियां हैं। जीने के मौलिक अधिकार के रूप में पानी के अधिकार को लेकर जागरूकता फैलाना और उन तरीकों को अपनाना जो इन अधिकारों को सुनिश्चित करते हैं। अधिकार के साथ जिम्मेदारियां भी आती हैं। पीने का पानी इतनी आधारभूत जरूरत है कि इसे सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। रोटरी इंटरनेशनल के इस कार्यक्रम को वॉश यानि वॉटर साइड सेनेटाइजेशन हाइजीन के नाम से जाना जाता है। यह भारत के अलावा चार देशों ग्यूतेमाला, बेलाइज, होण्ड्यूरा, केन्या में चलाया जाता है। रोटरी इंटरनेशनल इसकी फंडिंग करता है। आगरा के सभी रोटरी क्लबों ने इस फंड की मदद से टॉयलेट, हैंडपंप, अवेयरनेस प्रोग्राम आदि किए हैं। वॉश प्रोग्राम के अंतर्गत ही रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी ने आगरा फोर्ट स्टेशन के पास टॉयलेट और स्कूलों में हैण्डपम्प लगवाने का काम किया है।
रोटेरियन डॉ. जयदीप मल्होत्रा ने कहा कि संविधान में भी पानी को लेकर आम आदमी के मौलिक कर्तव्यों का प्रावधान है। अगर आप दुर्दशा की कल्पना करें तो उन लोगों के बारे में सोचें जिन्हें पीने के लिए पानी नसीब नहीं होता। उन लोगों के बारे में सोचें जिन्हें थोड़ा-बहुत पीने का पानी मिलता है और उन लोगों के बारे में सोचें जिन्हें बिलकुल ही दूषित पानी मिलता है। अपर्याप्त सफाई का बोझ इतना है कि हमारा देश स्वास्थ्य के मुकाबले प्रत्यक्ष स्वच्छता पर अधिक खर्च करता है। एक अनुमान के मुताबिक हर साल 1.5 लाख बच्चे डायरिया से मर जाते हैं, क्योंकि सुरक्षित पेयजल उपलब्ध नहीं है। क्या यह अस्तित्व का सवाल नहीं है। बात यहीं खत्म नहीं होती। सुरक्षित पानी का अभाव लोगों को अभावग्रस्त बनाने की श्रंखला को भी जन्म देता है। पानी के अभाव का अर्थ है गरीबी और गरीबी का मतलब जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं को हासिल करने की क्षमता में कमी। इसमें सफाई भी शामिल है। शुद्ध और साफ पानी न मिलने पर गरीब अपनी मेहतन की कमाई को रोगों से लड़ने में खर्च कर देते हैं।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के एनवायरमेंट चेयरपर्सन संजय बंसल ने बताया कि रोटरी क्लब इस वर्ष पर्यावरण के लिए कई योजनाओं पर काम कर रहा है। इसमें नेशनल एनवायरमेंट फंड पर भी काम हो रहा है। हमारी इन पर्यावरणीय योजनाओं में प्लांटेशन के साथ ही नाॅन कन्वेंशनल एनर्जी, सोलर एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट, नो कार्बन डिपोजिट सहित कई योजनाएं शामिल हैं।
डॉ. शरद गुप्ता ने बताया कि रोटरी के जनक पाल पी हैरिस हैं। मानव सेवा के लिए उन्होंने जो पौधा 115 वर्ष पहले रोपा था वह आज विशाल वटवृक्ष बनकर पूरी दुनिया में फैल चुका है। विश्व भर के 12 लाख से ज्यादा लोग इसके सदस्य हैं।
रोटेरियन डॉ. डीवी शर्मा ने बताया कि रोटरी ने पोलियो उन्मूलन से लेकर शौचालय बनाने के अभियान को शुरू करके उक्त समस्याओं का निवारण किया। सचिव राजीव कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी का एकमात्र उद्देश्य समाजसेवा करना है और पूरी दुनिया में भाईचारे को मजबूत करना है। शशि शिरोमणि ने कहा कि आज हमें पानी की बर्बादी रोकने की जरूरत है। संजय गोयल ने उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
अमिताभ मीरा ने कहा कि जल जीवन की अमूल्य निधि है। जल संरक्षण, शुद्ध जल की उपलब्धता से ही भावी पीढ़ी का कल्याण है अन्यथा संसार में त्राहि-त्राहि मच जाएगी। इस समारोह में रोटरी के जनक पाल हैरिस की प्रतिमा को फूल मालाएं अर्पित कर उन्हें याद किया गया। मंच पर पूर्व पीसीएस अधिकारी अमिताभ भी विराजमान रहे।
- NTPC ने शुरू की रिक्त 114 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया - December 14, 2023
- यूपी पुलिस में 62 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की आवेदन प्रक्रिया जनवरी से - December 13, 2023
- ECIL में अप्रेंटिस के पदों पर बंपर वैकेंसी, आवेदन की आखिरी तारीख 15 दिसंबर - December 11, 2023