कबीर खान की फिल्म ’83’ में कपिल देव बनकर हैरान करने वाले रणवीर सिंह अब अपनी अगली फिल्म के साथ तैयार हैं। रणवीर सिंह यशराज फिल्म्स की ‘जयेशभाई जोरदार’ में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस कर दी गई है। ‘जयेशभाई जोरदार’ सिनेमाघरों में 13 मई को रिलीज होगी। इस फिल्म के जरिए एक हीरो और उसकी ‘हीरोगिरी’ को अनूठे अंदाज में स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।
रणवीर सिंह इस फिल्म को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं। मेकर्स ने डेट अनाउंस करने के साथ ही एक वीडियो भी रिलीज किया है। इसमें रणवीर सिंह ‘जयेशभाई जोरदार’ के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। रणवीर ने बताया कि आखिर उन्हें यह फिल्म कैसे मिली और उनके जयेशभाई के किरदार में क्या अनोखा है।
रणवीर को ऐसे मिला था जयेशभाई का रोल
रणवीर सिंह ने कहा, ‘मेरे मेंटॉर आदित्य चोपड़ा ने एक दिन कॉल किया और कहा कि मुझे एक चमत्कारी स्क्रिप्ट मिली है। मैं चाहता हूं कि तुम इसे सुनो। मैं नरेशन के लिए गया। दिव्यांग ठक्कर ने अब तक कुछ भी डायरेक्ट नहीं किया है और उन्होंने मुझे जब स्क्रिप्ट सुनाई तो हंसते-हंसते पेट दर्द हो गया और आंसू निकल पड़े। पास ही टिशू बॉक्स रखा था। कहानी खत्म होते-होते वह डिब्बा भी खाली हो गया। मुझे बहुत मजा आया और इसकी कहानी दिल को छू गई।
कहानी सुनते-सुनते आंखों में आ गए थे आंसू
रणवीर सिंह ने आगे बताया कि उन्होंने कहानी सुनते ही तुरंत ही हां कह दी थी। रणवीर के मुताबिक उन्होंने अपने अब तक के करियर में अलग-अलग किरदार निभाए हैं, पर जयेशभाई जैसा किरदार कभी नहीं निभाया। रणवीर ने बताया कि उन्होंने इस किरदार के लिए कैसे तैयारी की। वह बोले, ‘जयेशभाई एक ऐसा कैरेक्टर है जो मैंने पहले कभी नहीं किया। यह मेरे लिए एकदम नया था। मुझे इस तरह के किरदार के लिए वाकई कुछ अलग करना पड़ा। इस तरह के इमोशनल बीट्स मैंने पहले कभी प्ले नहीं किए हैं। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे यह ऑफर मिला।’
यह है फिल्म की कहानी
रणवीर सिंह ‘जयेशभाई जोरदार’ में एक गुजराती शख्स का किरदार निभा रहे हैं। एक इंटरव्यू में फिल्म के डायरेक्टर दिव्यांग ठक्कर ने बताया था कि फिल्म न सिर्फ हंसाएगी बल्कि रुलाएगी भी। यह बताएगी कि असल मर्द कौन होता है। फिल्म में रणवीर सिंह एक ऐसे किरदार में हैं जो समाज में पुरुष और महिलाओं के समान हक की बात करता है और उनके लिए आवाज उठाता है। मेकर्स की कोशिश है कि वो इस फिल्म के जरिए सामाजिक सोच को बदल सकें।
अलग किरदारों की ख्वाहिश
रणवीर सिंह अपने इस किरदार से बेहद खुश हैं और वह उम्मीद करते हैं कि करियर में कभी ऐसा मौका न आए जब उन्हें कोई किरदार रिपीट करना पड़े। वह यूं ही हर फिल्म के साथ अलग-अलग किरदार निभाते रहें और सबको चौंकाते रहें।
साउथ फिल्मों की हिरोइन शालिनी का बॉलीवुड डेब्यू
‘जयेशभाई जोरदार’ को मनीष शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं। मनीष शर्मा की फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ से ही रणवीर सिंह ने बॉलीवुड में कदम रखे थे। ‘जयेशभाई जोरदार’ में बोमन ईरानी, रत्ना पाठक शाह और दीक्षा जोशी नजर आएंगी। इस फिल्म से तमिल और तेलुगु फिल्मों की एक्ट्रेस शालिनी पांडे बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं।
-एजेंसियां
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026