भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद बवाल मच गया है। मंगलवार शाम भोपाल में निर्वाचन सदन के बाहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर बहस हुई। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और अन्य दिग्गज नेताओं को चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जिसके विरोध में कांग्रेस नेताओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया।
नामांकन क्यों हुआ रद्द?
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन हैदराबाद की एक अदालत से जारी कानूनी नोटिस की जानकारी छिपाने के आधार पर रद्द किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने सोची-समझी साजिश के तहत यह कदम उठाया है, जबकि पार्टी का तर्क है कि जिस मामले का हवाला दिया जा रहा है, वह आपराधिक श्रेणी में नहीं आता और उसका जवाब पहले ही दिया जा चुका था।
आयोग के बाहर हंगामा, नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप
नामांकन रद्द होने की सूचना मिलते ही केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, भूपेश बघेल और सचिन पायलट जैसे वरिष्ठ नेता चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे। एंट्री को लेकर हुई देरी पर जयराम रमेश भड़क गए। उन्होंने कहा, “मैं पिछले 35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हूँ और लोकसभा का सदस्य रहा हूँ, लेकिन चुनाव आयोग के बाहर मुझे इस तरह रोकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर ‘लोकतंत्र को कलंकित करने’ का आरोप लगाते हुए इसे एक बड़ी लड़ाई करार दिया। वहीं, कांग्रेस की ओर से पेश वकील अजय गुप्ता ने नामांकन रद्द करने के फैसले को ‘असंवैधानिक और गुंडागर्दी’ बताया।
लोकतंत्र की लड़ाई की बात
मीनाक्षी नटराजन ने आरोप लगाया कि जब भाजपा ने देखा कि कांग्रेस इस सीट के लिए एकजुट है, तो उन्होंने एक लीगल नोटिस का सहारा लेकर साजिश रची। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि वे इस फैसले के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले पर सियासी खींचतान जारी है।
- वन्देमातरम के 150 वर्ष: आगरा में डेढ़ लाख तो देशभर में एक करोड़ लोगों ने एक स्वर में किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन - September 25, 2026
- बहराइच के मिहींपुरवा में खौफनाक नजारा: सड़क किनारे की झोपड़ी में चारपाई पर आराम करता दिखा तेंदुआ, फ़ोटो वायरल - September 25, 2026
- सावधान: एसएमएस, फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर बैंक खातों पर हाथ साफ कर रहे साइबर शातिर, पुलिस और ग्रीन गैस कंपनी ने शुरू किया जागरूकता अभियान - September 25, 2026