प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UAE पहुंच गए हैं। यहां उनका स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मोदी को गले लगाया।दोनों नेता द्विपक्षीय बैठक कर रहे हैं। इसके बाद वे ‘अहलन मोदी’ (हेलो मोदी) कार्यक्रम में UAE में रह रहे भारतीय समुदाय के करीब 65 हजार लोगों को संबोधित भी करेंगे।
PM मोदी 14 फरवरी को राजधानी अबु धाबी में देश के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे एक दिन के दौरे पर कतर रवाना होंगे। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद ये PM मोदी का 7वां UAE दौरा है। वे PM के तौर पर पहली बार अगस्त 2015 में UAE गए थे।
उन्होंने 2018 और 2019 में भी UAE का दौरा किया था। 2019 में UAE सरकार ने मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जाएद’ से नवाजा था। इसके बाद मोदी जून 2022 और जुलाई 2023 में दुबई गए थे।
UAE में करीब 35 लाख भारतीय रहते हैं। यह देश की कुल जनसंख्या का 30% है और भारतीयों की तादाद यहां किसी भी दूसरे देश की तुलना में सबसे ज्यादा है। वहीं, रूस, सऊदी अरब और इराक के बाद UAE भारत का चौथा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है।
PM मोदी के दौरे के बीच एक नजर भारत-UAE के रिश्तों पर…
तारीख- 24 दिसंबर, 1999; दिन- शुक्रवार। पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI की मदद से 5 आतंकी काठमांडू से दिल्ली जा रही इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 को हाईजैक कर लेते हैं। ये सभी आतंकवादी संगठन हरकत-उल-मुजाहिदीन के सदस्य थे।
आतंकी प्लेन को अमृतसर से लाहौर और फिर UAE के एयरबेस होते हुए अफगानिस्तान के कंधार ले जाते हैं। इस विमान में 189 लोग सवार थे। आतंकियों की मांग थी कि भारत इन बंधकों के बदले 3 आतंकियों को रिहा कर दे। हालांकि, वे इस बात से अंजान थे कि भारत की नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के कमांडोज उनका पीछा कर रहे थे।
भारत के पूर्व रॉ चीफ AS दुलत ने अपनी किताब ‘कश्मीर- द वाजपेयी ईयर्स’ में इसकी जानकारी दी है। दुलत के मुताबिक, NSG कमांडोज एक स्पेशल फ्लाइट से हाईजैक हुए विमान का पीछा कर रहे थे। आतंकी भारतीय प्लेन को दुबई ले गए। वहां उतरने की इजाजत न मिलने पर वो UAE के अल-मिनहाद एयरबेस पर लैंड हुए। इस दौरान NSG कमांडोज ने UAE से एंटी-हाईजैक ऑपरेशन चलाने की इजाजत मांगी, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया।
दुलत ने अपनी किताब में लिखा है- भारत ने अमेरिका के जरिए भी UAE पर दबाव बनाने की कोशिश की थी, लेकिन उस मुश्किल घड़ी में किसी ने हमारा साथ नहीं दिया। UAE में खाना-पानी और विमान के लिए ईंधन मिलने के बाद आतंकी प्लेन को कंधार ले गए।
1999 की यह घटना उस वक्त के भारत-UAE के संबंधों के बारे में काफी कुछ बताती है। हालांकि, पिछले 24 सालों में दोनों देशों के रिश्तों में काफी बदलाव आया है। 2015 में PM मोदी पहली बार UAE की यात्रा पर गए थे। 34 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने खाड़ी देश का दौरा किया था। इसके बाद से दोनों देशों के रिश्ते लगातार बेहतर हुए हैं।
-एजेंसी
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026