राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को दिया राष्ट्रीय जल पुरस्कार

REGIONAL

महामहिम राष्ट्रपति के हाथों आगरा को मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार

  • ✓ नगर निगम आगरा ने निकाय श्रेणी में देश में हासिल किया तीसरा स्थान
  • ✓ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा को विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया पुरस्कार
  • ✓ पानी की बर्बादी रोकने व पानी को रिसाइकल करके सही उपयोग करने के लिए मिला अवॉर्ड

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat.

आगरा। नगर निगम आगरा बीते कुछ साल से राष्ट्रीय स्तर पर छाया हुआ है। बीते कुछ वर्षों में स्वच्छता सर्वेक्षण व स्वच्छ हवा के मामले में आगरा को राष्ट्रीय स्तर अवॉर्ड मिला। अब आगरा को छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में नगर निकाय श्रेणी में देश में तीसरा स्थान मिला है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल द्वारा आगरा नगर निगम की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा व नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को पुरस्कृत किया गया।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया कि आगरा नगर निगम को नगर निकाय श्रेणी में देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। महापौर ने कहा कि नगर निगम आगरा लगातार विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहा है। इस क्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण, स्वच्छ हवा के बाद अब आगरा को जल प्रबंधन की दिशा में भी राष्ट्रीय स्तर पर अवॉर्ड मिला है। “राष्ट्रपति जी से पुरस्कार प्राप्त करना गौरवपूर्ण पल थे। इसका श्रेय नगर निगम आगरा की टीम व आगरा की जनता जनार्दन को जाता है।”

राष्ट्रीय जल पुरस्कार में आगरा को मिला तीसरा स्थान

केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय द्वारा जारी छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में नगर निकाय श्रेणी में पहला स्थान महाराष्ट्र के नवी मुंबई, दूसरा स्थान गुजरात के भावनगर और तीसरा स्थान उत्तर प्रदेश के आगरा व पश्चिम बंगाल के नबादीगंता को संयुक्त रूप से मिला है।

स्मार्ट सिटी के तहत पानी बचत की अनूठी व्यवस्था

आगरा नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के तहत पानी बचाने की दिशा में बेहतर व्यवस्था तैयार की है। ताजगंज क्षेत्र के 6 वार्ड और 3 गांव को 24 घंटे पानी देने की योजना बनाई गई। जीवनी मंडी वॉटर वर्क्स से ताजगंज तक 1200 एमएम की पाइपलाइन बिछाई गई। स्मार्ट मीटर स्काडा सिस्टम और लीकेज ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे लीकेज का तुरंत पता चल जाता है।

पुरस्कार लेने के बाद सामूहिक फोटो तो बनता है।

एसटीपी से रिसाइकिल पानी का हो रहा बेहतरीन उपयोग

शहर के 9 एसटीपी से रिसाइकिल पानी सड़कों पर स्प्रिंकलर, पार्कों में पेड़-पौधों की सिंचाई, अग्निशमन यंत्रों में इस्तेमाल हो रहा है। धांधूपुरा के 78 MLD प्लांट ने एक महीने में 1052 MLD शुद्ध पानी उपलब्ध कराया, जिससे निगम को लाखों रुपये की आय भी हुई।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में भी लगाई थी लंबी छलांग

स्वच्छ सर्वेक्षण में आगरा ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 10वां स्थान और उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। डलाव घर खत्म किए गए, 100% डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन लागू किया गया।

जय हिंद! जय आगरा!
Dr. Bhanu Pratap Singh