आगरा में जमीन माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन: गैंगस्टर एक्ट में महिला समेत 3 गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट की बिक्री करने का आरोप

Crime

आगरा। आगरा में जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को धोखे में रखकर प्लॉट और जमीन बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी थाना एकता चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

साजिश का पर्दाफाश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को बहला-फुसलाकर जमीनों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप है। आरोपियों ने कथित तौर पर कई लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुराना है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों में देवरी रोड स्थित ताल सेमरी निवासी राजकुमार पुत्र कालू और नीरज पुत्र विशाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फर्जी कागजात और झूठे प्रपत्रों के जरिए जमीनों के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज तैयार करते थे। इसके बाद भोले-भाले लोगों को सस्ते दामों और आकर्षक प्रस्तावों का लालच देकर जमीन बेच देते थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की थी।

नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, इनके द्वारा की गई अन्य जमीनों की खरीद-फरोख्त और फर्जीवाड़े के मामलों की भी जांच की जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh