फतेहपुर सीकरी/किरावली। सोमवार को कस्बा सीकरी में एक मामूली सड़क विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब ग्राम उन्देरा के कुछ ग्रामीणों ने महिलाओं, युवतियों और शादी के सामान समेत एक मैक्स गाड़ी को जबरन अगवा कर लिया। यह घटना थाना परिसर के नजदीक घंटाघर के पास हुई, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के गांव घड़ी बुराना (थाना रूपवास) निवासी होरीलाल अपनी बेटी की शादी के लिए मैक्स गाड़ी में सामान और परिजनों के साथ फतेहपुर सीकरी आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी थाना परिसर की दीवार से सटाकर खड़ी की थी। इस दौरान गाड़ी में महिलाएं और युवतियां भी बैठी थीं।
दोपहर करीब 12 बजे घंटाघर के पास उन्देरा निवासी युवक और बुराना निवासी युवक में बाइक टकराने के बाद कहासुनी हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई। मामला शांत होने के बाद दोनों पक्ष घर लौट गए, लेकिन करीब 3:30 बजे उन्देरा निवासी शेरवीर के बुलावे पर कुछ ग्रामीण पहुंचे और शादी के सामान व महिलाओं समेत मैक्स गाड़ी को जबरन अगवा कर अपने गांव ले गए।
घटना की सूचना पाकर पीड़ित होरीलाल ने पुलिस कंट्रोल रूम और अपने गांव में सूचना दी। घटना के बाद लगभग तीन घंटे तक महिलाओं और गाड़ी को गांव में बंधक बनाए रखा गया। बाद में पुलिस ने गाड़ी व महिलाओं को मुक्त कराया।
यह पूरी घटना थाने के पास होने के बावजूद समय से कार्रवाई न होने के चलते पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान लग गए हैं। यह भी उजागर हुआ कि घंटाघर से पुलिस चौकी तक आए दिन बाइक टकराने व जाम की समस्या से लोग जूझते हैं, जिससे इस तरह की कहासुनी और विवाद आम हो चले हैं।
- यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा की बढ़ी मुश्किलें: कांग्रेस के बाद अब पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल (कमेरावादी) ने 60 सीटों पर ठोका दावा - October 16, 2026
- प्रयागराज वकील हत्याकांड: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर बोला हमला: कहा— “जो घर उजाड़े, फर्जी एनकाउंटर करवाए, ऐसा नेता नहीं चाहिए” - October 16, 2026
- रसगुल्ले से लेकर बर्फी तक, यूपी में मिठाई बेचने के नियम में बड़ा बदलाव, ‘Use By Date’ लिखना अनिवार्य - October 16, 2026