नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए एक परिवार ही सब कुछ है, आम जनता उसके लिए मायने नहीं रखती। वह आज शाम पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी के कार्यकर्ता जश्न मना रहे थे।
पीएम ने अपने भाषण में महाराष्ट्र चुनाव के साथ-साथ झारखंड और उपचुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान वक्फ बोर्ड, परिवारवाद और अनुच्छेद-370 का जिक्र करके कांग्रेस को घेरा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी की प्राथमिकता जनता ना हो, वो लोकतंत्र के लिए बहुत ही नुकसानदायी होती है।
उन्होंने कहा कि सत्ता-भूख में कांग्रेस के परिवार ने संविधान की पंथ-निरपेक्षता की भावना को चूर-चूर कर दिया है। हमारे संविधान निर्माताओं ने उस समय (1947) विभाजन विभीषिका के बीच भी हिंदू संस्कार और परंपरा को जीते हुए पंथ-निरपेक्षता की राह को चुना था। लेकिन कांग्रेस परिवार ने झूठे सेक्युलरिज्म के नाम पर उस महान परंपरा को तबाह कर दिया। कांग्रेस ने तुष्टिकरण का जो बीज बोया, वो संविधान निर्माताओं के साथ बुहत बड़ा विश्वासघात है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में अर्बन नक्सलवाद का जिक्र करते कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस का अर्बन नक्सलवाद भारत के सामने एक नई चुनौती बनकर खड़ा हो गया है। इन अर्बन नक्सलियों का रिमोट कंट्रोल देश के बाहर है और इसलिए सभी को अर्बन नक्सलवाद से बहुत सावधान रहना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस के विश्वासघात को समझ चुकी है। लेकिन फिर भी इनका घमंड नहीं टूट रहा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और उनके साथी अनुच्छेद 370 को वापस लाने की बात कर रही है। लेकिन मैं कांग्रेस वालों और उनके साथियों को भी कहता हूं कि कान खोलकर सुन लो… अब दुनिया की कोई भी ताकत अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में वक्फ बोर्ड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संविधान में वक्फ बोर्ड का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वक्फ को देश की संपत्तियां सौंप दीं। उन्होंने कहा पूरे देश में अब एक ही संविधान चलेगा… वो संविधान है बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान, भारत का संविधान। जो भी सामने या पर्दे के पीछे देश में दो संविधान की बात करेगा… उसको देश पूरी तरह से नकार देगा।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि अपने साथियों की नाव को भी डुबा देती है। आज महाराष्ट्र में भी हमने यही देखा है। इंडी वाले देश के बदले मिजाज को नहीं समझ पा रहे हैं। ये लोग सच्चाई को स्वीकार करना ही नहीं चाहते, ये लोग आज भी भारत के सामान्य वोटर के विवेक को कम करके आंकते हैं। देश का वोटर, ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ है। जो ‘कुर्सी फर्स्ट’ का सपना देखते हैं, उन्हें देश का वोटर पसंद नहीं करता।
-एजेंसी
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- विकसित भारत के संकल्प के साथ सांसद राजकुमार चाहर का जनसंपर्क: व्यापारियों और चिकित्सकों के बीच गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां - June 14, 2026
- शिक्षा से समाज सुधार: ‘लक्ष्य आगरा’ की पहल से गरीब बच्चों का नवोदय और सैनिक स्कूल जाने का सपना होगा साकार, शुरू की मुफ्त कोचिंग - June 14, 2026
- Agra News: एसएन मेडिकल कॉलेज में ‘प्रबुद्ध जन संगोष्ठी’, 12 वर्षों के विकास और स्वास्थ्य क्रांति पर हुआ मंथन - June 14, 2026