आगरा: एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर के बाद स्कूटर में आग लग जाने से एक महिला की जिंदा जल कर मौत हो गई और एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई। यह हादसा सोमवार को थाना शमशाबाद क्षेत्र के अंतर्गत बीकापुर नहर के पास, सैंया-इरादतनगर मार्ग पर हुआ। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार दो महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा तुरंत आग की लपटों में घिर गई। आगे बैठी महिला आग में झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पीछे बैठी महिला किसी तरह गिरकर बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गई। क्षेत्रीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घायल महिला को इसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दोनों महिलाएं फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र की रहने वाली हैं। दोनों जेठानी-देवरानी हैं और किसी पारिवारिक कार्य से आगरा आई थीं। वे एक्टिवा से फिरोजाबाद लौट रही थीं। आग में जलने से मृत महिला का नाम रेनू पत्नी अजब सिंह निवासी गांव भीकनपुर बझेरा (टूंडला) है। दूसरी घायल महिला मंजू है। थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना से इलाके में दहशत
इस हृदय विदारक हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास तक नहीं जा सका। लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
- Agra News: ट्रांस यमुना में मकान पर कब्जे के विवाद में छत से गिरी महिला, जांच के बाद चार पुलिसकर्मी निलंबित - July 21, 2025
- Agra News: सावन आश्रम में जीवनदायी सेवा, 57 लोगों ने किया रक्तदान - July 21, 2025
- Agra News: सेवा, भक्ति और करुणा के पथ पर तपस्या फाउंडेशन का मानवीय प्रयास, जरूरतमंद बच्चों को किया रेनकोट का वितरण - July 21, 2025