इनर व्हील क्लब आगरा मिडटाउन की नई कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण, समाजसेवा के नए संकल्पों के साथ शुरू हुआ सत्र

PRESS RELEASE

आगरा: शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘इनर व्हील क्लब आगरा मिडटाउन’ का 49वाँ पदस्थापना समारोह पी.एल. पैलेस, एम.जी. रोड पर अत्यंत गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण कर विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत सेवा, समर्पण और महिला नेतृत्व के संकल्प के साथ हुई।

अतिथियों का सम्मान और नवाचार की शुरुआत

समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती सोनल बंसल मौजूद रहीं। उनके साथ मुख्य विशिष्ट अतिथि समाजसेविका श्रीमती मधु बघेल, पास्ट एसोसिएशन सेक्रेटरी श्रीमती नीलू धाकरे और पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन श्रीमती मंजू जैन ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष श्रीमती रचना जिंदल ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए गत वर्ष की उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद श्रीमती पिंकी जैन ने अध्यक्ष और श्रीमती जयश्री अग्रवाल ने सचिव पद की शपथ ली। नई टीम के साथ अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

समाजसेवा के लिए क्लब का बड़ा कदम

इस पदस्थापना समारोह की सबसे बड़ी विशेषता क्लब द्वारा समाजहित में की गई घोषणाएं रहीं। इनर व्हील क्लब आगरा मिडटाउन ने इस बार ‘सेवा ही प्राथमिकता’ के सिद्धांत को अपनाते हुए निर्णय लिए कि क्लब ने आर्थिक रूप से कमजोर दो विद्यार्थियों की एक वर्ष की पूरी स्कूल फीस भरने का दायित्व लिया है। आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए एक जरूरतमंद युवती को सिलाई मशीन भेंट की गई। दो जरूरतमंद मरीजों के डायलिसिस उपचार के लिए प्रति माह 600 रुपये की आर्थिक सहायता (एक वर्ष तक) देने की घोषणा की गई और सहायता राशि भी मौके पर प्रदान की गई।

उपस्थित गणमान्य और कार्यक्रम का समापन

समारोह में श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, श्रीमती शशिकांता, श्रीमती मधु बंसल और श्रीमती निर्मला अग्रवाल सहित इनर व्हील क्लब की अनेक सदस्याएं एवं शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती रमा माहेश्वरी द्वारा किया गया, वहीं श्रीमती सुमन सुराना ने मुख्य विशिष्ट अतिथि श्रीमती मधु बघेल का स्वागत किया। समारोह का समापन भविष्य में और अधिक सक्रियता से सेवा कार्यों को जारी रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Dr. Bhanu Pratap Singh