आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा विकसित की जाने वाली न्यू आगरा अर्बन सिटी को शासन से मास्टर प्लान की स्वीकृति मिल गई है। यह परियोजना आगरा के विकास को नई दिशा देगी। योजना के अंतर्गत 37 गांवों की 12,154 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जाएगी, जिस पर एक आधुनिक, हरित और रोजगारपरक अर्बन सेंटर का निर्माण प्रस्तावित है।
यीडा ने इससे पहले गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में इसी तर्ज पर विकास की नींव रखी थी। अब आगरा में यह परियोजना पर्यटन, उद्योग, आवास और हरियाली के संतुलन के साथ विकसित की जाएगी। योजना के तहत 2082.50 हेक्टेयर भूमि पर गैर-प्रदूषणकारी, पर्यावरण अनुकूल उद्योग लगाए जाएंगे। साथ ही 3,311 हेक्टेयर भूमि को आवासीय उपयोग हेतु चिह्नित किया गया है। पर्यटन और व्यवसाय के लिए भी भूमि आरक्षित रहेगी।
न्यू अर्बन सेंटर में 14.6 लाख की जनसंख्या के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित होंगी। इससे 8.5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। योजना में होटल, रिज़ॉर्ट, थीम पार्क, कन्वेंशन सेंटर, म्यूज़ियम जैसी संरचनाओं के निर्माण से पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
कुल क्षेत्रफल का 18.18% (2,332.94 हेक्टेयर) हरित क्षेत्र के रूप में आरक्षित किया गया है। योजना में आईटी, कृषि और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के पर्यावरण-अनुकूल उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी। यमुना नदी के किनारे विकसित होने वाली यह अर्बन सिटी पर्यटन, सेवाओं और मनोरंजन क्षेत्र की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी।
प्रमुख भूमि उपयोग वर्गीकरण (हेक्टेयर में)
-आवासीय: 3,311.10
-औद्योगिक: 2,082.50
-पर्यटन: 623.91
-व्यावसायिक: 417.64
-हरित क्षेत्र: 2,332.94
-ट्रांसपोर्टेशन: 1,711.79
-पब्लिक/सेमी पब्लिक: 894.91
-मिश्रित उपयोग: 568.01
-लॉजिस्टिक: 144.99
-वाटर बॉडी: 71.87
आगरा के ये 58 गांव होंगे शामिल
खंदौली, रामनगर खास, मलूपुर, नेकपुर, सेमरा, गजौली, कुबेरपुर, बुढ़िया का ताल, गुढ़ा, चौगान, पोइया, खेड़िया खंदौली, सराय डे रूप्पा, उजरई, मदनपुर, नादऊ, बहरामपुर, हसनपुर, हाजीपुर खेड़ा, धौरऊ, नगला तुलसी, बिहारीपुर, नयाबांस, नवलपुर, पर्बतपुर, सौरई, अगवारखास, धरेरा, गढ़ी बच्ची, नगला निशंक, नगला मनी, गढ़ी पृथ्वी, खैरानी, मुंडी जहांगीरपुर, अरेला, ऊंचा, पैंतखेड़ा।
-आलोक कुलश्रेष्ठ
- आगरा में शादी के महज पांच दिन बाद 11 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर नौ दो ग्यारह हुई दुल्हन, बिचौलिया सिंडिकेट की जांच में जुटी पुलिस - August 18, 2026
- Agra News: आईआईएमटी ग्रुप के निदेशक के दोनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त, आपराधिक मुकदमे और तथ्य छिपाने पर हुई कार्यवाई - August 18, 2026
- आगरा के बरहन क्षेत्र में सनसनी: 36 घंटे के भीतर रेलवे ट्रैक पर मिले 3 लोगों के शव, पुलिस जांच में जुटी - August 18, 2026