अमरावती सांसद नवनीत राणा ने आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक चिट्ठी लिखकर खार थाने में अत्याचार होने का आरोप लगाया है। नवनीत ने चिट्ठी के जरिए शिवसेना पर कटाक्ष भी किया है। नवनीत ने लिखा, यह मेरा विश्वास है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना अपने हिंदुत्व के सिद्धांतों से पूरी तरह से भटक गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि शिवसेना ने कांग्रेस-एनसीपी के साथ चुनाव के बाद गठबंधन किया है और ऐसा करना अब उसकी मजबूरी भी है।
चिट्ठी के जरिए लगाए ये आरोप
नवनीत ने कहा कि खार थाने में पानी पीने जैसे बुनियादी मानवाधिकारों से उन्हें इस आधार पर वंचित किया गया था कि वह अनुसूचित जाति से हैं। उन्होंने इसके अलावा यह भी आरोप लगाया, जब वह रात में बाथरूम का उपयोग करना चाहती थीं तो पुलिस कर्मचारियों ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया। नवनीत ने कहा कि मुझे फिर से सबसे गंदी भाषा में गाली दी गई, मुझे बताया गया कि हम नीची अनुसूचित जाति के लोगों को अपने बाथरूम का उपयोग नहीं करने देते।
न्यायिक हिरासत में हैं नवनीत
हाल ही में नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को बांद्रा कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। दोनों के खिलाफ आइपीसी की धारा 124 ए के तहत यह केस दर्ज किया गया था। मालूम हो कि यह धारा राजद्रोह के लिए लगाई जाती है। राणा दंपती पर सरकारी काम में दखल देने का आरोप भी लगाया गया है।
यह है पूरा मामला
बता दें कि अमरावती सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने सीएम उद्धव ठाकरे के आवास के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की थी, लेकिन सैकड़ों शिवसैनिकों ने राणा के घर के बाहर जमा होकर हंगामा कर दिया। काफी देर चले ड्रामे के बाद सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति को गिरफ्तार कर लिया गया था।
-एजेंसियां
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026