आगरा: ताजनगरी स्थित होटल ग्रैंड इम्पीरियल, रकाबगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘सांसद MSME कॉन्क्लेव एवं इन्वेस्टर मीट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस कॉन्क्लेव में देशभर से 150 से अधिक दिग्गज कंपनियों और उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों, खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यमिता क्षेत्र से जुड़े 250 से 300 प्रतिनिधियों सहित 500 से अधिक आगंतुकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगरा में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को बढ़ाना, स्थानीय उद्यमियों को सरकारी व बैंकिंग योजनाओं से जोड़ना, उद्योगों के विस्तार के अवसर तलाशना तथा रोजगार सृजन के लिए प्रभावी मंच तैयार करना रहा।
MSME के विकास से मजबूत होगी देश की अर्थव्यवस्था: प्रो. एस.पी. सिंह बघेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि देश की आर्थिक खुशहाली और आत्मनिर्भरता का मार्ग MSME क्षेत्र के विकास से होकर गुजरता है। छोटे उद्योग न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करते हैं, बल्कि देश की समग्र जीडीपी को मजबूती प्रदान करते हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को पूरा करने के लिए उद्यमियों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और शिक्षकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि आगरा केवल अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और ताजमहल तक सीमित नहीं है, बल्कि यहाँ होटल उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, गारमेंट्स, जूता उद्योग, हस्तशिल्प, संगमरमर पर पच्चीकारी (पत्थर का काम), आभूषण और ब्रश निर्माण जैसे क्षेत्रों में विकास की अपार क्षमताएं मौजूद हैं। आवश्यकता इस बात की है कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और वैश्विक विपणन के जरिए आगरा के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाया जाए।
ODOP और बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर
प्रो. बघेल ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि हर जिले के अपने विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, बेहतरीन सड़कों, निर्बाध बिजली आपूर्ति और मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण आज औद्योगिक निवेश का बेहद अनुकूल वातावरण बना है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय उद्योगों को मिल रहा है।
बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सहायता पर हुआ मंथन
कॉन्क्लेव में विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के उच्चाधिकारियों ने उद्यमियों को रियायती दरों पर ऋण, सरकारी सब्सिडी और आसान बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। पैनल चर्चाओं के दौरान पूंजी की कमी से जूझ रहे सक्षम उद्यमियों को तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने पर सहमति बनी। प्रो. बघेल ने सुझाव दिया कि बैंकर्स, सरकारी संस्थानों और उद्योग संगठनों को नियमित रूप से ऐसे संवाद आयोजित करने चाहिए, ताकि योजनाओं की जानकारी धरातल पर पहुंच सके।
CSR से ग्रामीण शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा
सामाजिक उत्तरदायित्व पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों से आह्वान किया कि वे अपने CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में ई-लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने में करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है; डिजिटल संसाधनों और अध्ययन सामग्री से युक्त ई-लाइब्रेरी मिलने से गरीब मेधावी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उद्योग जगत के दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी
आयोजन में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के डीजीएम संजय कुमार सिंह, सिडबी (SIDBI) के महाप्रबंधक जय कुमार गुप्ता, अमूल के ब्रांच मैनेजर अच्युत कुमार शर्मा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि शिवम जिंदल, बीएसई से शोमित शर्मा, मारुति लॉरिज के वाइस प्रेसिडेंट नीरज कुमार तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जीएम रजवानी सहित कई प्रतिष्ठित बैंकिंग अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और उद्योगपतियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्युत जे. पांटे, मृत्युंजय और हिमांशु शर्मा का विशेष योगदान रहा। अंत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सहभागियों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
- सुधीर चौधरी बोले, जिंदगी में जितने मौके मिले, उनके पीछे ब्रह्माकुमारीज़ की ताकत; ‘राष्ट्र चेतना पुरस्कार’ से सम्मानित - October 25, 2026
- दो बार कैंसर को मात दे चुके SHK ने मनाया 64वां जन्मदिन, आनंद पंडित और एकता जैन समेत कई हस्तियां हुईं शामिल - October 25, 2026
- दो बार कैंसर को मात दे चुके SHK ने मनाया 64वां जन्मदिन, आनंद पंडित और एकता जैन समेत कई हस्तियां हुईं शामिल - October 25, 2026