देश के एविएशन सेक्टर में तेजी से उड़ान भर रही विस्तारा एयरलाइंस के सामने अचानक संकट खड़ा हो गया है। बीमारी का हवाला देते हुए बड़ी संख्या में पायलट सिक लीव पर जा रहे हैं। इससे हवाई जहाजों को उड़ाने के लिए पर्याप्त संख्या में पायलट और क्रू मेंबर नहीं मिल रहे और इस कारण सोमवार और मंगलवार को दो दिनों में ही विस्तारा की दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों से टेक ऑफ होने वाली 100 से अधिक फ्लाइट कैंसल हो गईं। कम से कम इतनी ही फ्लाइट आधा घंटे और इससे काफी देरी से टेक ऑफ कर सकीं। फ्लाइट कैंसल होने की यह संख्या मंगलवार-बुधवार की देर रात तक 70 तक पहुंच सकती है। फ्लाइट के कैंसल और डिले होने से विस्तारा से उड़ान भरने वाले यात्रियों के सामने बड़ी दिक्कत हो रही है।
सूत्रों का कहना है कि एयरलाइंस के साथ नौकरी के नए कॉन्ट्रैक्ट और विस्तारा के एयर इंडिया में संभावित विलय के चलते सीनियर पायलट (कमांडर) सिक लीव पर जा रहे हैं। विस्तारा के कमांडरों को एयरलाइंस के एयर इंडिया में विलय होने पर अपनी वरिष्ठता और देश-विदेशों के स्लॉट को लेकर भी चिंता है, जिसमें उन्हें अपनी अनदेखी होने का डर है। दूसरी तरफ वे नए कांट्रैक्ट को लेकर चिंतित हैं, जिसमें उन्हें अपनी सैलरी, डयूटी ऑवर और मिलने वाले विभिन्न तरह के भत्तों में कमी लग रही है। इसी के साथ उन्हें अपनी निजी, पारिवारिक और सामाजिक जिंदगी पर भी असर पड़ता दिखाई दे रहा है क्योंकि उन्हें नॉन डयूटी के समय भी अलर्ट मोड में रहना पड़ेगा।
DGCA ने मांगी रिपोर्ट
सूत्रों का कहना है कि इन तमाम वजहों से फिलहाल 70 हवाई जहाजों के बेड़े वाली एयरलाइंस विस्तारा के A-320 फैमिली के अधिकतर सीनियर पायलट अचानक सिक लीव ले रहे हैं। इसका असर विस्तारा पर जबरदस्त पड़ रहा है क्योंकि इसके 70 हवाई जहाज वाले बेड़े में 63 एयरबस-320 फैमिली के ही हैं। इनमें 53 हवाई जहाज ए-320 नियो और 10 एयरक्राफ्ट एयरबस-321 वाले हैं जबकि सात हवाई जहाज बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर हैं। अधिकतर एयरक्राफ्ट एयरबस फैमिली के होने और इन्हीं प्लेन के अधिकतर पायलटों के बीमारी और अन्य वजहों से छुट्टी पर जाने से विस्तारा के सामने संकट है।
यात्रियों के सोशल मीडिया पर विस्तारा के खिलाफ नाराजगी जाहिर करने के बाद एविएशन रेगुलेटर DGCA ने इस पर संज्ञान लेते हुए विस्तारा से इस समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि विस्तारा अपनी फ्लाइटों के कैंसल और डिले होने की हर दिन की वजह समेत रिपोर्ट उन्हें पेश करे।
DGCA ने कहा है कि विभिन्न वजहों से क्रू मेंबर की पर्याप्त उपलब्धता ना होने से विस्तारा की फ्लाइट डिस्टर्ब हो रही हैं। ऐसे में विस्तारा को उसकी हर दिन की फ्लाइटस कैंसल और डिले होने की जानकारी देने के आदेश दिए हैं। साथ ही नियमों के तहत फ्लाइट कैंसल या अधिक समय तक डिले होने पर यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस करने, उनके लिए वैकल्पिक फ्लाइट का प्रबंध कराने और अन्य तरह की तमाम सुविधाएं देने के भी आदेश दिए गए हैं।
विस्तारा ने बड़े एयरक्राफ्ट लगाए
विस्तारा ने माना है कि क्रू की कमी और अन्य कई कारणों से पिछले कुछ दिनों से उसकी कई फ्लाइट कैंसल और डिले हुई हैं। विस्तारा ने तय किया है कि अस्थायी तौर पर वह अपनी कुछ फ्लाइट में कटौती करेगा, ताकि जो भी फ्लाइट वह चलाए, उसके लिए क्रू मिल सकें। साथ ही वह कुछ रूटों पर बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर और ए-321 जैसे बड़े एयरक्राफ्ट लगा रहा है जिससे कि एक ही फ्लाइट में अन्य फ्लाइट के यात्रियों को भी ले जाया जा सके। विस्तारा ने भरोसा जताया है कि जल्द ही वह इस समस्या को दूर कर लेगा।
-एजेंसी
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026
- आगरा में आध्यात्मिक और राष्ट्र-कल्याण का महापर्व: 251 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में - October 20, 2026