प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज जिले में आयोजित होने वाले दिव्य, भव्य और सुरक्षित महाकुंभ के दौरान रील बनाने व सेल्फी लेने पर प्रतिबंध रहेगा। भीड़ और यातायात प्रबंधन के दृष्टिगत यह कदम उठाया गया। रील बनाने वालों पर मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस व सुरक्षाकर्मियों की सतर्क नजर रहेगी। उल्लंघन करने वालों का मोबाइल जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस की इस सख्ती से यूट्यूबर, डिजिटल क्रियेटर, रील बनाने और सेल्फी लेने के शौकीन युवाओं को झटका लग सकता है, लेकिन महाकुंभ में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी माना गया है।
करीब 45 करोड़ श्रद्धालु आने का अनुमान
महाकुंभ-2025 में देश-विदेश से करीब 45 करोड़ श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों, कल्पवासियों और पर्यटकों के आने का अनुमान है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के साथ-साथ सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य स्नान पर्व पर अखाड़ों की पेशवाई होगी। उनके वैभव और सनातन संस्कृति को देखने के लिए एकाएक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
संगम सहित दूसरे स्नान घाट, बड़े हनुमान मंदिर समेत अन्य धार्मिक व दर्शनीय स्थलों पर भीड़ रहेगी। इन सबके बीच अगर वहां युवक-युवती पहुंचकर रील बनाते हैं या सेल्फी लेते हैं तो असहज स्थिति निर्मित हो सकती है। यह भी आशंका जताई गई है कि जिस तरह से इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने वालों की संख्या बढ़ी है, युवाओं की वैसी टोली मेला क्षेत्र में पहुंचती तो वह एक स्थान पर काफी देर तक ठहरेंगे।
इससे यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा। ऐसे और भी कई कारणों को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है कि महाकुंभ के दौरान रील बनाने, वीडियो शूट करने और सेल्फी लेने वालों पर प्रतिबंध रहेगा। महाकुंभ के प्रचार-प्रसार के लिए भी वीडियो शूट करने के लिए भी पुलिस-प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। मेला क्षेत्र की परिधि में जहां पर यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावित न हो, वहां पर लोग सेल्फी ले सकेंगे।
एडीजी जोन, प्रयागराज भानु भास्कर ने बताया कि महाकुंभ में स्नानार्थियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़ व यातायात नियंत्रण का प्लान बनाया गया है। इसी के दृष्टिगत रील बनाने और सेल्फी लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो सके।
साभार सहित
- आगरा के बल्केश्वर में श्याम नाम के जयकारों और नासिक के ढोल की गूंज के साथ निकली भव्य निशान यात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब - September 3, 2026
- यूपी के बलिया में स्वाइन फ्लू से चार दिन में एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत, डीएम ने भेजी स्वास्थ्य टीम - September 3, 2026
- वाराणसी में गंगा का विकराल रूप, जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचा, पहाड़ों पर भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने से बढ़ा बाढ़ का संकट - September 3, 2026