आगरा छावनी को बड़ी सौगात: विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने किया 25 लाख की सड़क का शिलान्यास

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के छावनी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी तारघर चौराहे से नौलक्खा (रोडवेज RM ऑफिस) तक की सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक और पूर्व राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस सड़क परियोजना का शिलान्यास किया।

​25 लाख की लागत, PWD करेगा निर्माण

नंद टॉकीज चौराहे के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने बताया कि इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग (PWD) को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सड़क न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि रोडवेज बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेहद अहम है। सड़क खराब होने के कारण यहाँ अक्सर जाम और व्यापारिक नुकसान की शिकायतें आ रही थीं।

​विरोधियों पर बरसे विधायक

संबोधन के दौरान डॉ. जीएस धर्मेश ने सीधे तौर पर कहा कि कैंट बोर्ड सीमा के अंतर्गत आने वाली इस सड़क के निर्माण में कुछ लोगों ने जानबूझकर अड़ंगे लगाए थे। उन्होंने कहा, “तमाम बाधाओं के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशासनिक समन्वय से आज यह कार्य शुरू हो सका है।”

​शाहगंज ROB पर दी खुशखबरी

सड़क शिलान्यास के साथ ही विधायक ने क्षेत्र के सबसे बड़े प्रोजेक्ट ‘रूई की मंडी-शाहगंज रेलवे ओवरब्रिज’ (ROB) पर भी अपडेट दिया। 116 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का काम युद्धस्तर पर जारी है। विधायक ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे शहर की एक बड़ी आबादी को ट्रैफिक जाम से स्थाई मुक्ति मिल जाएगी।

​व्यापारियों और जनता में उत्साह

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा छावनी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार बंटी ने किया। इस दौरान जवाहर डाबर, राजेश गोयल, महेश शर्मा और रश्मी सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh