सपा व्यापार सभा का मिशन 2027: अखिलेश यादव के विकास कार्यों को लेकर बाजारों में जाएगी पार्टी

POLITICS

आगरा। समाजवादी व्यापार सभा ने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों को निशाने पर लेते हुए राज्य में बदहाल व्यापारिक स्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित जिला एवं महानगर संगठन की समीक्षा बैठक में वक्ताओं ने सरकार पर भ्रष्टाचार और पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि व्यापारियों का मोहभंग हो चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन की पटकथा लिखने के लिए व्यापारी वर्ग तैयार है।

​’कारोबार सिमटा, परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट’

समाजवादी व्यापार सभा के मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने तल्ख लहजे में कहा कि आज प्रदेश का छोटा-मध्यम उद्यमी सरकारी अव्यवस्था से त्रस्त है। औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। आगरा के सर्राफा व्यवसाय का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में करीब 1.40 लाख लोग इस पेशे से जुड़े हैं, जिनमें 1.10 लाख श्रमिक वर्ग है। वर्तमान में व्यापार मात्र 10 से 20 प्रतिशत तक सिमट गया है, जिससे हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारियों की उपेक्षा सरकार को 2027 में भारी पड़ेगी।

​अखिलेश सरकार की उपलब्धियां गिनाएगी सपा

समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व्यापारियों और वैश्य समाज को व्यापक स्तर पर पार्टी से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावों के मद्देनजर सपा कार्यकर्ता बाजारों में जाकर पिछली सपा सरकार के जनहितकारी फैसलों को जनता के बीच रखेंगे। इन फैसलों में चुंगी प्रथा की समाप्ति, इंस्पेक्टर राज का खात्मा, आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 को स्थगित करना और व्यापारियों के लिए निशुल्क दुर्घटना बीमा योजना जैसी प्रमुख उपलब्धियां शामिल हैं।

​बैठक में रही दिग्गजों की मौजूदगी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का मंत्र दिया। बैठक की अध्यक्षता रामचंद्र पोरवाल ने की और संचालन मनीष भारद्वाज ने किया।

इस दौरान राजेश गुप्ता, जवाहरलाल अग्रवाल, इलियास सिद्दीकी, विजय कुमार, शीलू गुप्ता, राजकुमार यादव, प्रशांत कुमार, संजीव ठाकुर, ऊदल सिंह, राम सहाय यादव, सतीश ठाकुर, गिरी सिंगल, गोपाल प्रसाद, राधा राठौर, विजय कुमार और मनोज कुमार सहित भारी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh