naveen jain bjp

महापौर नवीन जैन ने खुद देखी शास्त्रीपुरम की दयनीय हालत, 14 करोड़ से होंगे विकास कार्य, जनता का प्रयास रंग लाया

POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. बहुत जल्द शास्त्रीपुरम क्षेत्र का कायाकल्प होने जा रहा है। यहां पर करोड़ों रुपए की विकास कार्य कराए जाएंगे जिसके बाद शास्त्रीपुरम क्षेत्र पूरी तरह से बदल जाएगा और यहां के निवासियों की वर्षों पुरानी कई समस्याओं का समाधान भी हो जाएगा।

शनिवार को महापौर नवीन जैन ने नगर निगम अधिकारियों के साथ शास्त्रीपुरम के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान महापौर कई समस्याओं से रूबरू हुए तो वहीं उन्होंने देखा कि नगर निगम की मूलभूत सुविधाएं शास्त्रीपुरम के निवासियों को नहीं मिल पा रही हैं। कहीं-कहीं पर नालियां नहीं बनी है, नाले चौक हैं। सड़क की स्थिति जर्जर हो चुकी है तो वहीँ शास्त्रीपुरम के कई क्षेत्रों में अंधेरा रहता है। इन सभी समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए महापौर नवीन जैन ने शास्त्रीपुरम में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को कराए जाने की स्वीकृति दी है।

गौरतलब है कि शास्त्रीपुरम क्षेत्र का लगातार विस्तार होता जा रहा है। आगरा शहर का यह प्रमुख क्षेत्र बन चुका है, जहां पर कई पॉश कॉलोनियां और मुख्य बाजार हैं। यहां विभिन्न क्षेत्र में कई ऐसे छोटे-बड़े काम है उनके अभाव में क्षेत्रवासियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। महापौर नवीन जैन ने इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को साथ लेकर शास्त्रीपुरम के विभिन्न क्षेत्र का दौरा किया।

दौरा करने के दौरान महापौर नवीन जैन ने देखा कि शास्त्रीपुरम के ए, बी ब्लॉक, 100 फुटा रोड आदि क्षेत्रों में कई जगह नालियां टूटी हुई है। महापौर ने यहां सभी नालियों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। यहां जितने भी बड़े नाले बने हुए थे, वह सभी चौक के महापौर ने यहां मशीन लगाकर तलीझाड़ सफाई करने के निर्देश दिए। शास्त्रीपुरम मुख्य मार्ग पुलिस चौकी के पास से डिवाइडर टूटा हुआ मिला जिसके जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शास्त्रीपुरम ए ब्लॉक, बी ब्लॉक, मुख्य रोड, जोनल पार्क के आसपास, अवंती बाई चौराहा से एमजी रोड – 2 तक कई सड़कें ख़स्ताहाल मिली। कई लिंक रोड़ भी जगह-जगह से टूटी हुईं थीं। महापौर ने इन सभी सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कराने के निर्देश दिए।



इतना ही नहीं, दौरा करते हुए महापौर नवीन जैन ने देखा कि कई क्षेत्र ऐसे थे जहां लाइटें नहीं लगी थी तो कई चौराहों, कॉलोनियों और सुनसान जगहों पर विद्युत पोल न होने के कारण लाइट की गंभीर समस्या थी। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को ऐसे सभी जगह चिन्हित कर विद्युत पोल लगाने और लाइट लगाने के निर्देश जारी किए।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ शास्त्रीपुरम के विभिन्न क्षेत्रों में दौरा किया है। कई समस्याएं थी और कई विकास कार्य कराए जाने थे जो कि जनहित में आवश्यक है। लगातार प्रयास है कि प्रत्येक शहर वासियों को नगर निगम की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो। इसी को ध्यान में रखते हुए शास्त्रीपुरम में लगभग 14 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे जिसके अंतर्गत नाली-सड़क निर्माण एवं मरम्मत, बड़े नालों की सफाई आदि कार्य किए जाएंगे।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि शास्त्रीपुरम के कई क्षेत्रों में लाइट की गंभीर समस्या है, कई जगहों पर विद्युत पोल भी नहीं है। इसलिए ऐसी जगहों को चिन्हित कर शास्त्रीपुरम में लगभग 284 विद्युत पोल लगाए जाएंगे और 2100 से अधिक लाइट लगाने का काम किया जाएगा जिसके बाद पूरा शास्त्रीपुरम क्षेत्र प्रकाशमय हो जाएगा।


महापौर नवीन जैन ने बताया कि पहले चरण में हमने शास्त्रीपुरम के ए, बी ब्लॉक, मुख्य मार्ग, जोनल पार्क के आस पास, अवंतीबाई चौराहा से एमजी रोड-2 आदि इन जगहों को लिया है। इसके बाद अन्य चरणों में शास्त्रीपुरम के बाकी क्षेत्रों को भी लिया जाएगा। लगभग 14 करोड़ के विकास कार्य हो जाने के बाद शास्त्रीपुरम की सूरत और सीरत पूरी तरह से बदल जाएगी। यहां के निवासियों की कई छोटी-बड़ी समस्याएं हैं, उनका भी स्थाई रूप से समाधान हो जाएगा।

इस मौके पर मुख्य अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) संजय कटियार, अधिशासी अभियंता आरके सिंह, सहायक अभियंता विजय गोयल और एसके ओझा, अवर अभियंता श्याम बिहारी अग्रहरि आदि निगम अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि शास्त्रीपुरम सोसाइटी की ओर से महापौर को सतत रूप से लिखित में शास्त्रीपुरम की समस्याओं के बारे में अवगत कराया जा रहा था। पार्षद मंजू वार्ष्णेय, पार्षद कमलेश जाटव, डॉ. भानु प्रताप सिंह, राजवीर सिंह, देवेन्द्र सिंह परमार, डॉ. रवीन्द्र सिंह शर्मा, किशन सिंह चाहर, जेपी चाहर, आदित्य गौतम, मुन्नालाल राजपतू, डॉ. पवन कुमार, शैलेन्द्र शर्मा आदि शास्त्रीपुरम की समस्यओं के निदान की मांग कर रहे थे। महापौर का यह निरीक्षण इसी क्रम में हुआ है।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह की पुस्तकें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

https://www.amazon.in/Books-Dr-Bhanu-Pratap-Singh/s?rh=n%3A976389031%2Cp_27%3ADr+Bhanu+Pratap+Singh


Dr. Bhanu Pratap Singh