लखनऊ। वाराणसी के मणिकर्णिका घाट से जुड़े विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि मूर्ति से जुड़ा वीडियो AI जनरेटेड है, तो सरकार को इसके ठोस सबूत सार्वजनिक करने चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि संबंधित मूर्ति कहां गई और वर्तमान में किस स्थान पर रखी गई है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि काशी की विरासत और पौराणिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और यह काम कोई बाहरी नहीं, बल्कि सरकार में बैठे लोग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “ये गंगा जी के पुत्र बनकर आए और बनारस की विरासत को बर्बाद कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट हजारों साल पुराना तीर्थ स्थल है, जिसका 1791 में माता अहिल्याबाई होल्कर द्वारा जीर्णोद्धार कराया गया था। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक तरफ माता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती मनाती है और उनके नाम पर चांदी का सिक्का जारी करती है, जबकि दूसरी ओर काशी में उनकी विरासत पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
ट्रस्ट के पत्र का भी जिक्र
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर के परिवार की ओर से भी आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट के चेयरमैन यशवंत राव होल्कर ने पत्र लिखकर मणिकर्णिका घाट में मूर्ति तोड़े जाने की बात कही थी और तस्वीर भी जारी की गई थी।
सरकार पर विरोधाभासी बयान देने का आरोप
अजय राय ने कहा कि सरकार के अपने अधिकारी और मंत्री स्वीकार कर रहे हैं कि मूर्ति तोड़ी गई, जबकि दूसरी ओर इसे AI वीडियो बताकर सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह विरोधाभास सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।
मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने पर उठाए सवाल
अजय राय ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का मणिकर्णिका घाट जाने का कार्यक्रम पहले तय था, लेकिन उसे अचानक रद्द कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि दौरा आखिर क्यों रद्द किया गया, क्या इसलिए कि सच्चाई सामने न आ जाए?
उन्होंने कहा कि बिना स्थल पर जाकर वस्तुस्थिति देखे केवल प्रेस वार्ता करना और जो लोग सवाल उठा रहे हैं उन पर मुकदमे दर्ज कराना लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है।
अजय राय ने दोहराया कि कांग्रेस काशी की आस्था, संस्कृति और विरासत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगी और सच की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
- रिश्तों का अजीब सौदा: बेटियों के भविष्य के लिए पत्नी ने मांगी भारी कीमत, प्रेमिका ने डुप्लेक्स और कैश देकर खरीदा ‘प्यार’ - February 13, 2026
- वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर: पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी, दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम का मिजाज - February 13, 2026
- सीमा हैदर से ‘डिजिटल जंग’ हारा पाकिस्तानी पति गुलाम, सोशल मीडिया से बनाई दूरी - February 13, 2026