kiran chopra

जैन मुनि डॉ. मणिभद्र महाराज को राष्ट्र संत की उपाधि, पंजाब केसरी की किरन चोपड़ा को मानव रत्न सम्मान

RELIGION/ CULTURE

मानव मिलन संगठन का हुआ दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

नेपाल के राजदूत सहित वहां से आए 135 प्रतिनिधि, बारिश में भी शोभायात्रा

देश को युद्ध की नहीं महावीर और बुद्ध की जरूरत: प्रो. एसपी सिंह बघेल

 

Live story time

Agra, Uttar Pradesh, India.  अन्तर्राष्ट्रीय मानव मिलन संगठन का दो दिवसीय 28 वां सम्मेलन के कई मायनों में स्वर्ण अक्षर की छाप इस शहर में छोड़ गया। नेपाल केसरी जैन मुनि डॉ.मणिभद्र महाराज को राष्ट्र संत की उपाधि प्रदान की गई, जो पूरे विश्व में आगरा का नाम रोशन करेगी। वहीं वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की संस्थापक अध्यक्ष एवमं पंजाब केसरी द हिंद लिमिटेड की निदेशक  श्रीमती किरन चोपड़ा को इस वर्ष की मानव रत्न उपाधि प्रदान की गई। उपस्थित सभी जनों ने मानव कल्याण के कार्य करने के संकल्प लिए।

लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित इस समारोह में मानव मिलन संगठन के सभी पदाधिकारियों की सहमति से नेपाल केसरी,  जैन मुनि एवं मानव मिलन संगठन के संस्थापक डॉ.मणिभद्र महाराज को राष्ट्र संत की उपाधि प्रदान की गई। इसकी घोषणा भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कार्यकारिणी की ओर से की, जिसकी अनुमोदना देश भर के विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिनिधियों ने की।

अपने इस पद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र संत जैन मुनि डॉ.मणिभद्र महाराज ने बताया कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। जिसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि नेपाल से जो  135 प्रतिनिधि आए हैं, उनमें एक जैन के अलावा सभी अजैन हैं। उन्होंने विख्यात जैन मुनि अमर मुनि महाराज का उनकी जयंती पर स्मरण करते हुए कहा कि वे कहा करते थे जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है। सब कुछ हो सकता है। बस,  संकल्पशील होने की जरूरत है। जीवन तो नदिया की धारा है, चाहे जहां से मुड़ सकती है। जातिवाद की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि जातियों के लिए लडऩा गलत है। लेकिन इस सबसे ज्यादा दुखद संतों के बेड़े हैं, उन्होंने अपने-अपने मंदिर, मठ बना रखे हैं, वे स्वयं एक नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां माधुर्य भाव है, वहीं मनुष्यता है।

संगठन द्वारा प्रति वर्ष एक विभूति को मानव रत्न सम्मान प्रदान किया जाता है। इस वर्ष का मानव रत्न सम्मान वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की संस्थापक अध्यक्ष, चेयरपर्सन किरन चोपड़ा को दिया। यह सम्मान प्रो.एसपी सिंह बघेल व अन्य पदाधिकारियों ने प्रदान किया।जिसमें मानव रत्न सम्मान पत्र के साथ 41००० रुपये की नकद धनराशि भेंट की गई। इससे पूर्व उनका उत्तरीय एवमं माला से कुसुम जैन ने स्वागत किया।

kiran chopra punjab kesari
– सम्मेलन के मंच पर वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की संस्थापक अध्यक्ष, चेयरपर्सन किरणजी चोपड़ा को मानव रत्न सम्मान मिलने के बाद आगरा पंजाब केसरी की ओर से सम्मान पत्र भेंट के उपरांत मंच केंद्रीय कानून राज्य मंत्री प्रो.एस.पी.सिह बघेल, विवेक कुमार जैन, लवीना जैन, धु्रव जैन, सलोनी जैन, वर्धम जैन एवं बाएं खड़े हैं भाजपा के कानपुर विधायक सलिल विश्नोई।

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रीमती किरन चोपड़ा ने कहा कि मुझे सम्मान तो बहुत मिले हैं, लेकिन संतों के सम्मेलन में, संतों के सानिध्य में सम्मान मिलना बहुत गौरव की बात है। वे बोलीं, व्यक्ति तो सभी होते हैं, लेकिन मानव होना बहुत मुश्किल हैं। मानव, वही होता है, जो दूसरों के लिए जीता है। हमारे देश की संस्कृति को जीवंत रखने में संतों का ही विशेष योगदान है। जैन मुनि डॉ.मणिभद्र महाराज ने तो भारत और नेपाल की संस्कृति की धारा को मजबूत किया है। वे देश व समाज को समर्पित हैं। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि संत  बनना आसान नहीं है। जैन मुनि इतनी तेजी से पैदल चलते है कि हम वाहन से भी उतनी जल्दी नहीं पहुंच पाते। उसका कारण उनका तप है। तप में तप कर ही व्यक्ति संयमी, साहसी,  संस्कारी, समर्पित बनता है। उन्होंने कहा कि इस देश में इसी प्रकार के संत लोगों को संस्कार देते रहे तो यह देश सोने की चिडिय़ा नहीं सोने का शेर बन जाएगा।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि जैन समाज का संदेश पूरे विश्व में फैल चुका है। यूरोपियन देशों में भी शाकाहार को महत्व दिया जा रहा है। वहां के युवक अब लैदर का उपयोग करने से बचते हैं, शाकाहार अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विश्व ने भगवान महावीर की अहिंसा को अपनाया तो तमाम देशों के रक्षा बजट में काफी कमी आ जाएगी, क्योंकि हमें युद्ध की नहीं महावीर और बुद्ध की जरूरत है। उन्होंने मानव मिलन संगठन की डायरी का विमोचन भी किया। विधायक सलिल बिश्नोई ;कानपुर, भारत में नेपाल के राजदूत शंकर शर्मा,  दिल्ली से आई अंजू कश्यप,  चारु सेठी ने समारोह की सफलता पर बधाई दी।

अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन महिला की अध्यक्ष कुसुम जैन,  नारायण-(पुणे) , सावित्री शर्मा (नेपाल), ललिता ओसवाल (राष्ट्रीय महामंत्री)-पुणे,  महावीर जैन (सोनीपत),  मणिकांत जैन (कानपुर), पार्श्व गायक वेद प्रकाश (फरीदाबाद),  धनंजय जैन (कानपुर),  पान पराग के चेयरमैन उद्योगपति दीपक कोठाऱी, अशोक जैन सुराना आदि ने विचार व्यक्त किए। पूर्व मेयर इंद्रजीत आर्य ने भी जैन मुनि का आशीर्वाद लिया। जैन मुनि पुनीत और जैन मुनि विराग महाराज भी मौजूद रहे।

jain muni dr mani bhadra
आगरा में रविवार को श्री पृथ्वीचंद्र जैन स्मृति भवन से महाराजा अग्रसेन भवन पहुंची शोभायात्रा में शामिल महिला-पुरुष।

मुंबई से आई पार्श्व गायिका जमुना शर्मा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मानव मिलन संगठन में समर्पित भाव से जुटे प्रमोद चौरडिय़ा (जयपुर) को भी सम्मानित किया। पंजाब केसरी के स्थानीय संवाददाता विवेक कुमार जैन व उनकी टीम ने श्रीमती किरन चोपड़ा को मानव रत्न सम्मान से विभूषित किए जाने पर आगरा की तरफ  से सम्मानित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हर्ष कुमार,  मुनोथ व अशोक ओसवाल (ओसवाल ग्रुप) ने जैन मुनि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन के महामंत्री अभय कोटेजा ने किया। सम्मेलन की व्यवस्था राजेश सकलेचा, मुकेश चप्लावत,  नरेश चप्लावत, राजीव जैन, विवेक कुमार जैन, वैभव जैन,  आदेश बुरड़, अमित जैन, सचिन जैन,ध्रुव जैन,  निशीथ जैन, अजय जैन पूर्व पार्षद,  सौरभ जैन, अर्पित जैन, अनिल जैन आदि ने संभाल रखी थी।

उत्तराध्यन सूत्र पर आधारित भव्य शोभा यात्रा निकली

नेपाल केसरी,  मानव मिलन संस्थापक डॉ. श्री मणिभद्र मुनि जी के पावन सान्निध्य में अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन सम्मेलन के समापन सत्र से पूर्व  भगवान महावीर के उत्तराध्यन सूत्र पर आधारित  एक भव्य शोभा यात्रा  श्री पृथ्वीचंद जी स्मृति भवन से महाराजा अग्रसेन भवन तक निकाली गई जिसमें महिलाएं लाल रंग एवमं पुरुष सफेद वस्त्रों में अपने हाथों में भगवान महावीर के उपदेशों की पट्टिकाए लिए थे।

सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन के महामंत्री एवं सम्मेलन का संचालन कर रहे अभय कोटेचा ने  पंजाब केसरी के स्थानीय संवाददाता विवेक कुमार जैन को श्रीमती किरणजी चोपड़ा को मानव उपाधि दिये जाने से पूर्व सम्मेलन में परिचय कराने के लिए आमंत्रित किया। मंच से अपने संबोधन में विवेक कुमार जैन ने परिचय देते हुए बतायाकि श्रीमती किरण चोपड़ाजी वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की संस्थापक अध्यक्षा, उद्यमी,शिक्षाविद् लेखिका और अन्तर्मन से एक मानवतावादी हैं। उनकी शिक्षा और संस्कारों ने उन्हें प्रेम और करुणा से परिपूर्ण एक सभ्य व्यक्ति के रूप से विकसित  करने में मदद की। महान शहीदों के प्रतिष्ठित परिवार से आप सम्बंधित हैं। प्रसिद्ध पत्रकार, पंजाब केसरी के निदेशक,संपादक और करनाल से 16 वीं लोकसभा में सांसद सदस्य का दायित्व संभालने वाले स्वर्गीय श्री अश्वनी कुमार चोपड़ा की धर्मपत्नी हैं।

shobha yatra
आगरा में रविवार को श्री पृथ्वीचंद्र जैन स्मृति भवन से महाराजा अग्रसेन भवन पहुंची शोभायात्रा में शामिल महिला-पुरुष।

आपके पति स्वर्गीय श्री अश्वनी कुमारजी चोपड़ा के दादाजी महान सेनानी स्व.श्री लाला जगत नारायण जी,जिनकी पंजाब में आतंकवाद के दिनों के दौरान 1981 में हत्या कर दी गयी थी। पिता रोमेशचंदर जी की 1994 में हत्या कर दी गयी थी। जिसके बाद आपके पूरे परिवार ने पत्रकारों और देश के अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से शहीद परिवारों की सेवा करते हुए एक अभियान के माध्यम से आतंकवाद को रोकने के लिए उन्होंने अपना योगदान   दिया। इसलिये पंजाब केसरी को आमतौर पर शहीद पत्रकारों के समाचार पत्र के रूप में जाना जाता है। वर्तमान में आप ही पंजाब केसरी व हिन्द समाचार लिमिटेड की निदेशक हैं एवं अखबार के संपादकीय ,प्रबंधन, उत्पादन अनुभाग का कार्यभार संभाले हुए हैं। आप कई सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी हुईं हैं और एक मानवतावादी के रूप में श्रीमती किरणजी चोपड़ा, जे .आर.मीडिया इंस्टीट्यूट की संस्थापक हेड हैं। जो मीडिया से जुड़े क्षेत्रों में अकादमिक पाठ्यक्रम शुरू कर चुका है। आपने निम्रलिखित पुस्तकों का लेखन किया है। जिसमें आशीर्वाद, प्लेसिंम्स, जीवन संध्या, जिंदगी का सफर, आज और कल, बेटियां शामिल हैं।

वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की संस्थापक अध्यक्षा होने के नाते, वरिष्ठ नागरिकों का सामाजिक विकास, विशेष रूप से स्वास्थ्य के साथ-साथ नैतिक सांस्कृतिक क्षेत्रों में वरिष्ठों के सम्मानजनक जीवन की दिशा में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से गत  2० वर्षों से जुड़ी हैं। 2०16 में आपको बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना के ब्रांड एंबेसडर के रूप में नामित किया गया था।

आप सामाजिक, सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़ी कई संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं। जिसमें नेशनल काउंसिल फार ओल्डर पर्सन्स, भारतीय ग्रामीण महिला संघ, नई दिल्ली, भारत विकास परिषद आदि शामिल हैं। आपको राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। जिसमें मुख्य रूप से वयोश्रेष्ठ सम्मान, देवी जकाई, वुमेन एंटरप्रेन्योर दिल्ली अवार्ड, मानव सेवा प्रेरणा अवार्ड, सद्भावना अवार्ड, एस.राधाकृष्णनन स्मृति मीडिया सम्मान, सूर्यदत्ता,लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड, राजीव गांधी अवार्ड, लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड, शामिल हैं। अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड में गांधी पीस ऑनर फेस इंटरनेशनल वुमेन लीडरशिप अवार्ड, इंटरनेशनल वुमेन्स अवार्ड, वुमेन एचीवर्स अवार्ड जैसे कई सम्मानजनक अवार्ड आपको मिले हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh