Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. अशासकीय सहायताप्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से 01 जनवरी 2006 से 01 जनवरी 2016 के मध्य सत्र लाभ लेकर सेवा विस्तार के उपरान्त 30 जून को सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यो एवं अध्यापकों को देय एक नोशनल वेतनवृद्धि के लाभ प्रदान करने के सम्बन्ध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ0 देवी सिंह नरवार के नेतृत्व में 19 अप्रैल को शिष्टमण्डल ने उप शिक्षा निदेशक,आगरा श्री मनोज कुमार गिरि से उनके कार्यालय में भेंटकर वार्ता की।
वार्ता के दौरान उप शिक्षा निदेशक श्री मनोज कुमार गिरि ने डॉ. देवी सिंह नरवार को बताया कि बीते 11 अप्रैल को प्रदेश के समस्त उप शिक्षा निदेशकों की एक बैठक माध्यमिक शिक्षा निदेशक उ0प्र0 डॉ. महेन्द्र देव की अध्यक्षता में 18, पार्क रोड, लखनऊ पर सम्पन्न हुई है। इस बैठक में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) गुलाब देवी, अपर मुख्य सचिव (माध्यमिक शिक्षा) श्री दीपक कुमार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा उ0प्र0, सुश्री कंचन वर्मा तथा प्रदेश माध्यमिक शिक्षा के वित्त नियंत्रक, प्रयागराज श्री मदनपाल मौजूद रहे।
कई उप शिक्षा निदेशकों ने नोशनल वेतनवृद्धि के प्रकरण को इस बैठक में उठाया था और माँग रखी कि वित्तीय सहमति प्राप्त कर अलग से विभागीय शासनादेश जारी किया जाय। जिस पर बैठक में प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा अलग से शासनादेश जारी करने पर सहमति बनी है। यह विभागीय शासनादेश 28 अप्रैल से पूर्व जारी होेने के आसार है।
डी0डी0आर0 श्री मनोज कुमार गिरि ने यह भी बताया कि प्रयागराज, कानपुर, सहानपुर, अयोध्या, झाँसी, आदि मण्डलों में सेवा विस्तार के उपरान्त सत्र लाभ लेकर 30 जून को सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यो तथा अध्यापकों को एक वेतनवृद्धि का लाभ दिया जा चुका है। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों को भी नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ दिया जा चुका है।
डी0डी0आर0 श्री मनोज गिरि ने यह भी बताया कि 28 अप्रैल को प्रदेश के समस्त उप शिक्षा निदेशकों की एक महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ में होने जा रही है। इससे पूर्व ही विभागीय शासनादेश जारी हो जायेगा। शासनादेश जारी होते ही सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पात्र पेंशनर्स को एक नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ देते हुए उनकी पेंशन तथा ग्रेच्युटी की गणना कर प्रकरणों को यथाशीघ्र राजकीय कोषागार में भेज दिया जायेगा।
डी0डी0आर0 से हुई सकारात्मक वार्ता के उपरान्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ0 देवी सिंह नरवार तथा संयोजक डॉ. कुंजिल सिंह चाहर ने महासंघ के बैनर तले 21 अप्रैल से प्रस्तावित सांकेतिक क्रमिक धरना कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की और धरना स्थगित करने सम्बन्धी पत्र उप शिक्षा निदेशक श्री मनोज कुमार गिरि को सौंपा। शिष्टमंडल में श्री महेश चन्द्र शर्मा, रामवीर सिंह, डॉ0के0पी0 सिंह, श्री मनोज कुमार, श्री श्याम सिंह आदि उपस्थिति रहे।
- आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में दर्शन ड्योढ़ी का भव्य उद्घाटन: रिमझिम वर्षा के बीच संगत को समर्पित हुआ नया प्रवेश द्वार, अब दोगुनी होगी लंगर हॉल की क्षमता - September 6, 2026
- श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव: राजा जनक-सुनैना के स्वरूपों का हुआ अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन - September 6, 2026
- Agra News: फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़; हुसैनापुर रोड पर फायरिंग के बाद एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार - September 6, 2026