आगरा सेल्फी पॉइंट पर 10-11 फरवरी को होगा ब्रज धरा साहित्य उत्सव, आयोजित होंगे कई साहित्य-सत्र, विशेषज्ञ वक्ता करेंगे विमर्श
पद्मश्री बलवंत ठाकुर होंगे विशिष्ट वक्ता, साहित्य-रंगमंच और सिनेमा पर देंगे अपना व्याख्यान
गीतकार सोम ठाकुर को दिया जायेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, साहित्य से जुड़ी 11 विभूतियों का भी होगा सम्मान
आगरा। धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा डॉ. विजय किशोर बंसल के सहयोग से ब्रज धरा साहित्य उत्सव का पहला आयोजन आगामी 10 और 11 फरवरी को अटल उद्यान (आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट) में होने जा रहा है, जिसमें साहित्य के अंतर्गत समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, रंगमंच, सिनेमा सहित विभिन्न विषयों पर विषय विशेषज्ञ विचार विमर्श करेंगे। इस दो दिवसीय समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कला और संस्कृति के रंग भी बिखरेंगे। इसके अलावा साहित्य और कला से संबंधित प्रदर्शनी भी आगरा के साहित्य, कला और संस्कृतिप्रेमियों को आकर्षित करेगी।
यह जानकारी धरा चेतना फाउंडेशन की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने होटल ग्रांड में 08 फरवरी 2026 को आयोजित प्रेसवार्ता में दी, जहां ब्रज धरा साहित्य उत्सव का मशहूर मुख्य संरक्षक शेखर दीक्षित, डॉक्टर गिरधर शर्मा, बॉलीवुड गीतकार सुरेंद्र साथी और आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर विमोचन में समन्वयक डॉ. महेश धाकड़, सचिव अक्षय प्रताप सिंह, कार्यक्रम प्रभारी गति सिंह, सहयोगी कृतिका कोरंगा भी शामिल रहे।
देश के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार यतीन्द्र मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि आगरा में ब्रज धरा साहित्य उत्सव का आयोजन साहित्य, कला और संस्कृति के नगर आगरा में निश्चित रूप से एक सार्थक और रचनात्मक पहल है। इसका फायदा रचनाधर्मी लोगों के साथ ही साहित्य प्रेमियों को भी मिलेगा। इस आयोजन में साहित्य और संस्कृति के रुझान वाले लोगों की सहभागिता इसको व्यापक स्वरूप प्रदान करेगी।
मुख्य संरक्षक शेखर दीक्षित ने कहा कि यह आगरा की विरासत और गौरव को आगे बढ़ाने का प्रयास है, इसमें न सिर्फ स्थापित साहित्यकारों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि नई पीढ़ी के रचनाकारों को भी जोड़ा जा रहा है।
सचिव अक्षय प्रताप सिंह ने बताया इसमें कई सत्र आयोजित होंगे। उद्घाटन समारोह 10 फरवरी को दोपहर 2 बजे होगा। मुख्य अतिथि डॉ. गिरधर शर्मा होंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन गुप्ता होंगे।
प्रथम दिवस 10 फरवरी 2026 को होने वाले सत्र ये रहेंगे।
प्रथम सत्र ‘ब्रज भाषा के विविध आयाम’ होगा। संयोजक राज बहादुर राज हैं। डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, डॉ. कमलेश नागर, डॉ. शशि तिवारी, शीलेंद्र वशिष्ठ बतौर वक्ता शामिल होंगे।
द्वितीय सत्र में ‘ब्रज की पत्रकारिता का साहित्य में योगदान’ होगा। संयोजक डॉ. महेश धाकड़ होंगे। इसमें दिनेश संन्यासी, बचन सिंह सिकरवार, डॉ. गिरजा शंकर शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त बतौर वक्ता शामिल होंगे।
तृतीय सत्र ‘दस्तक’ होगा, जिसमें युवा पीढ़ी के रचनाकार साहित्य पर चर्चा करेंगे। संयोजक कुमार ललित होंगे। समायरा विजय गुप्ता, वैभवी मिश्रा, शांभवी नगायच, श्वेता सागर बतौर वक्ता शामिल होंगी।
द्वितीय दिवस 11 फरवरी 2026 को होने वाले सत्र ये रहेंगे।
चतुर्थ सत्र सुबह 11 बजे ‘साहित्य संस्कृति में शैक्षिक संस्थानों का योगदान’ विषय पर होगा। संयोजक डॉ. शांतनु साहू होंगे। प्रो. जय सिंह नीरद, डॉ. गिरधर शर्मा, डॉ. सुशील गुप्ता विभव बतौर वक्ता शामिल होंगे।
पंचम सत्र 12 बजे ‘नारी लेखन : अनुभव से अभिव्यक्ति तक’ होगा। संयोजक डॉ. मधु भारद्वाज होंगी। डॉ. सुषमा गुप्ता, राशि गर्ग, डॉ. शशि गुप्ता बतौर वक्ता शामिल होंगी।
षष्ठम सत्र ‘साहित्य रंगमंच और सिनेमा : शब्द से मंच और पर्दे तक’ होगा। संयोजक डॉ. महेश धाकड़ होंगे। इस सत्र के विशिष्ट वक्ता पद्मश्री बलवंत ठाकुर होंगे। साथ ही इस सत्र में सुरेन्द्र साथी, अनिल शुक्ल, दिलीप रघुवंशी, ऋतुराज त्रिपाठी बतौर वक्ता शामिल होंगे।
सप्तम सत्र ‘साहित्य और स्वास्थ्य का अंतर्संबंध’ होगा। संयोजक डॉ. पंकज नगायच होंगे। डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. अशोक विज, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता बतौर वक्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम प्रबंधक गति सिंह ने बताया इस दो दिवसीय समारोह का समापन रंगारंग शाम के साथ होगा, जिसमें परंपरागत गीत, संगीत और नृत्य के साथ फ्यूजन प्रस्तुतियों का आनंद मिलेगा।
ब्रज धरा साहित्य उत्सव में इन विभूतियों का होगा सम्मान
समन्वयक द्वय डॉ. महेश धाकड़ और कुमार ललित के अनुसार ‘ब्रज धरा साहित्य उत्सव’ अपने आरम्भ से ही हर वर्ष साहित्य सेवियों के सम्मान की श्रृंखला भी शुरू करने जा रहा है, इस वर्ष इसके तहत 11 फरवरी को शाम 07 बजे से आयोजित भव्य समापन समारोह में गीतकार सोम ठाकुर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। 11 अन्य साहित्य सेवियों को भी सम्मानित किया जायेगा।
‘गीत गौरव सम्मान’ रामेंद्र मोहन त्रिपाठी, ‘ग़ज़ल गरिमा सम्मान’ अशोक रावत, डॉ. त्रिमोहन तरल, सुधीर नारायण, ‘साहित्य साधक सम्मान’ शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ, ‘साहित्य गौरव सम्मान’ प्रो. जय सिंह नीरद, योगेश चंद्र शर्मा योगी, ‘साहित्य गरिमा सम्मान’ डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, डॉ. ज्योत्सना शर्मा, ‘साहित्य सेवा सम्मान’ आचार्य नीरज शास्त्री, रेनु अंशुल को प्रदान किया जायेगा।
- हजारों माता की शक्ति से गूंजा आगरा में विराट हिंदू सम्मेलन, योगेश पुरी गरजे-‘बच्चा-बच्चा राम है’ - February 8, 2026
- इंफ्रास्ट्रक्चर पर 25% और शिक्षा पर 15% खर्च; सोमवार से शुरू हो रहे सत्र में दिखेगा ‘नए उत्तर प्रदेश’ का रोडमैप - February 8, 2026
- भारत-मलेशिया के बीच 11 ऐतिहासिक समझौते: सेमीकंडक्टर से लेकर सुरक्षा तक, रिश्तों को मिला ‘सुपर पावर’ बूस्ट - February 8, 2026