आगरा: ताजनगरी के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में मंगलवार की रात बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश व्यापारी से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का सोना और दुकान की चाबियां लूटकर रफूचक्कर हो गए। घटना उस समय हुई जब व्यापारी अपनी दुकान मंगल कर घर लौट रहे थे।
अंधेरे का फायदा उठाकर घात लगाकर बैठे थे बदमाश
ग्राम अटूस निवासी वीरेश वर्मा की बिचपुरी क्षेत्र में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर के लिए निकले थे। उनके पास एक थैला था जिसमें लगभग 50 से 60 ग्राम सोने के जेवर रखे थे। जैसे ही वह जगदीशपुरा क्षेत्र के गांव सदर वन के पास पहुँचे, पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और पलक झपकते ही जेवरों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए।
चाबियां लूटने से बढ़ी सुरक्षा की चिंता
पीड़ित व्यापारी वीरेश वर्मा ने बताया कि थैले में सोने के साथ-साथ दुकान की चाबियां भी थीं। चाबियां बदमाशों के हाथ लगने से व्यापारी और उसका परिवार अब और भी अधिक दहशत में है। उन्हें डर है कि बदमाश दुकान की लोकेशन जानकर भविष्य में किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस ने शुरू की नाकाबंदी और जांच
सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुँच गए। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात से पहले व्यापारी की रेकी की होगी। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित भागने के रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है ताकि आरोपियों की जल्द पहचान हो सके।
- आगरा में ‘विश्व हाथ धुलाई दिवस’ पर बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ: सीएमओ बोले- साबुन से हाथ धोना बीमारी से बचाव का सबसे सरल उपाय - October 16, 2026
- नुक्कड़ नाटक के जरिए फाइलेरिया मुक्ति का संदेश: कानपुर के बिधनू ब्लॉक में छात्रों ने जागरूक कर दवा खाने के लिए किया प्रेरित - October 16, 2026
- ‘पहले चंदा, फिर वोट और अब मजदूरों के हक की चोरी’: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना का बीजेपी पर बड़ा हमला - October 16, 2026