आगरा। थाना बरहन क्षेत्र में खबर प्रकाशित करने से नाराज आरोपियों द्वारा एक स्थानीय पत्रकार के साथ रास्ते में रोककर मारपीट व अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, आगरा के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्राम बास इद्रा निवासी पीड़ित पत्रकार राकेश कुमार पुत्र स्व. घासीराम ने बताया कि उन्होंने हाल ही में संपत्ति विवाद से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी, जिससे नाराज होकर कुछ लोगों ने उनके साथ रंजिश रखते हुए घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार 12 मार्च 2026 की रात करीब 9:15 बजे वह ऑवलखेड़ा स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की तथा कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनकी जेब फट गई और उसमें रखे करीब 2500 रुपये भी छीन लिए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस चौकी ऑवलखेड़ा और थाना बरहन में लिखित तहरीर दी, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त से मिले और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। शिकायत पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने थाना प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करने के आदेश दिए व उचित कार्यवाही करने का भरोसा दिया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष विष्णु सिकरवार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सच्चाई को सामने लाना उसका कर्तव्य है। यदि खबर प्रकाशित करने पर पत्रकारों के साथ मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं होंगी तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में तहसील अध्यक्ष पवन शर्मा, गुड्डू चौहान, शशिकांत गुप्ता, राजेश परमार, मनोज तारोलिया, संदीप श्रीवास्तव, सुभाष निगम, रामकिशोर बघेल, मोहित सिसौदिया, विजय सोलंकी, नीलम ठाकुर, विष्णु वर्मा, मनीष बघेल, विवेक कुशवाहा, सोनवीर सिंह, दीपकांत सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
- आगरा में अघोरी होली का अद्भुत नजारा: भाविप नवज्योति शाखा के होली महोत्सव में उमड़ा भक्ति और उल्लास - March 17, 2026
- Agra News: फतेहपुर सीकरी को बड़ी सौगात, सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से 3 नए पुलों के निर्माण को मिली मंजूरी - March 17, 2026
- आगरा में पूर्ति निरीक्षक को बदनाम करने की साजिश, फेसबुक-व्हाट्सएप पर फर्जी वीडियो वायरल करके छवि बिगाड़ने का आरोप, मुकदमा दर्ज - March 17, 2026