मुंबई हमले के मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी साजिद मीर को पाकिस्तान ने FATF के दबाव में आकर आखिरकार जेल भेज दिया है। अब इस पूरे मामले में खुलासा हुआ है कि भारत ने साजिद मीर समेत 30 खूंखार आतंकवादियों की लिस्ट सौंपी थी जिसमें 9 संयुक्त राष्ट्र की ओर से आतंकी घोषित किए गए नाम शामिल थे। इसमें लश्कर का संस्थापक हाफिज सईद, लश्कर का ऑपरेशनल हेड जकिउर रहमान लखवी और जैश-ए- मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर का नाम शामिल था। पश्चिमी देशों ने भारत की इस लिस्ट का जोरदार तरीके से समर्थन किया और इससे मजबूर होकर पाकिस्तान को साजिद मीर के खिलाफ एक्शन लेना पड़ा।
साजिद मीर वही आतंकी है जो कसाब समेत मुंबई पर हमला करने वाले सभी आतंकियों को फोन पर हमले करने के लिए निर्देश दे रहा था। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस एक्शन के बाद भी अभी तक पाकिस्तान की ओर से इस्लामाबाद में बैठे आतंकी साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड को लेकर भारत की चिंताएं दूर नहीं हुई हैं। मुंबई हमले के एकमात्र जिंदा आतंकी अजमल आमिर कसाब ने साजिद मीर का नाम लिया था जो सीधे तौर पर इस हमले में शामिल था। वहीं पाकिस्तान ने अभी तक मुंबई हमले में शामिल होने के लिए हाफिज सईद का नाम चार्जशीट में शामिल नहीं किया है।
अमेरिका ने भारत की लिस्ट का किया खुलकर समर्थन, घिरा पाक
यही नहीं, साजिद मीर को भी मुंबई हमलों में शामिल होने के लिए जेल नहीं भेजा गया है। इसकी बजाय पाकिस्तान ने उसे आतंकवाद निरोधक कानून के तहत लश्कर का सदस्य होने, आतंकी संगठन के लिए पैसा जुटाने और हमले करने के लिए पैसा मुहैया कराने के लिए यह जेल की सजा दी है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से आतंकी घोषित किए गए नामों में हाफिज सईद, लखवी, मसूद अजहर, लश्कर का वित्तीय मामलों का प्रमुख मुहम्मद अशरफ, जमात-उद-दावा संस्थापक जफर इकबा और लश्कर से जुड़ा महमूद मोहम्मद अहमद बहजिक भी शामिल है।
इसके अलावा भारत की लिस्ट में शामिल 21 अन्य नामों में साजिद मीर, अब्दुल रऊफ अजहर, अब्दुल रहमान मक्की आदि शामिल हैं। हाल ही में चीन ने मक्की को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आतंकी घोषित किए जाने से रोक दिया था। मक्की हाफिज सईद का रिश्तेदार है। भारत की लिस्ट में दाऊद इब्राहिम का भी नाम शामिल है। पाकिस्तान को लेकर आयोजित एफएटीएफ की बैठक में अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों ने भारत के 30 आतंकियों के खिलाफ एक्शन का जोरदार समर्थन किया। अमेरिका ने खासतौर पर साजिद मीर और मसूद अजहर का नाम लिया था। मीर को यह सजा तब दी गई जब पाकिस्तान के नए विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने अमेरिकी विदेश मंत्री से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने वादा किया है कि वह एफएटीएफ के सदस्यों की यात्रा से पहले मसूद अजहर के खिलाफ भी एक्शन लेगा।
-एजेंसियां
- 25 साल से फरार चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार लखनऊ से गिरफ्तार, नेपाल में छिपकर काट रहा था जिंदगी, रेलवे स्टेशन से CBI ने धर-दबोचा - October 24, 2026
- यूपी चुनाव 2027: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की घोषणा, जननीति भारत पार्टी लड़ेगी 403 सीटों पर, बोलीं “लक्ष्य जनता का राज” - October 24, 2026
- कन्नौज में अखिलेश का पुतला फूंकने पहुंचे हिन्दुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु की पिटाई, सपा नेत्री ने जड़े थप्पड़, समर्थक भागे - October 24, 2026