दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व अन्य विपक्षी दल दिल्ली में 31 मार्च को रैली करेंगे। इस रैली में इंडिया गठबंधन के सभी दल शामिल होंगे। रविवार को कांग्रेस, लेफ्ट और आम आदमी पार्टी ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और लेफ्ट नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अपना विरोध जताया।
गोपाल राय ने कहा कि 31 मार्च की रैली रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पुलिस व प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। यह रैली रविवार 31 मार्च सुबह 10 बजे बुलाई गई है।
इंडिया गठबंधन एकजुट
गोपाल राय ने कहा कि जिस कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है उसमें आज तक कोई मनी ट्रेल सीबीआई या ईडी नहीं ढूंढ पाई है। राय ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के खाते सीज कर दिए गए। आज कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के लिए अपने ही खातों के पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि इतनी पुरानी पार्टी का खाता सीज हो सकता है तो इनको चंदा देने वाले व्यापारियों का खाता भी सीज किया जा सकता है। लोगों की स्वतंत्रता का हनन हो रहा है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में अपने गठबंधन के सभी साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। लवली ने कहा कि चुनाव में सभी को समान अवसर नहीं मिल रहे। चुनाव जीतने के लिए चुने हुए मुख्यमंत्रियों, चाहे वह हेमंत सोरेन हों या अरविंद केजरीवाल, उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सत्ता पक्ष से प्रश्न करते हुए कहा कि आप किस तरह का लोकतंत्र देश में स्थापित करना चाहते हैं।
लवली ने कहा कि 31 तारीख को होने वाली रैली में गठबंधन के सभी शीर्ष नेता होंगे। यह रैली कोई राजनीतिक रैली नहीं होगी, बल्कि यह देश में लोकतंत्र को बचाने का एक कदम है।
उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्लूए व सिविल सोसाइटी के लोगों से इस रैली में पहुंचने का अनुरोध किया। वहीं लेफ्ट ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है।
-एजेंसी
- प्रयागराज कोर्ट का बड़ा आदेश: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर दर्ज होगी FIR, आश्रम में यौन शोषण का आरोप - February 21, 2026
- Agra News: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, आगरा में 22 फरवरी को चलेगा चौथा विशेष अभियान - February 21, 2026
- राजसी स्वागत के बीच आगरा पहुंचे क्रोएशिया के प्रधानमंत्री, ताजमहल की खूबसूरती देख हुए मंत्रमुग्ध - February 21, 2026