आदित्य ठाकरे और अनिल परब के करीबियों के यहां आयकर विभाग का छापा

आदित्य ठाकरे और अनिल परब के करीबियों के यहां आयकर विभाग का छापा

POLITICS


आयकर विभाग शिवसेना नेताओं और महाराष्ट्र के मंत्रियों आदित्य ठाकरे और अनिल परब के करीबी सहयोगियों के कार्यालय और आवास पर छापेमारी कर रहा है। मुंबई और पुणे में छापेमारी की जा रही है। इस छापेमारी को आदित्य ठाकरे ने भाजपा द्वारा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करार दिया।
भाजपा पर बरसे आदित्य ठाकरे
आदित्य ठाकरे ने केंद्रीय एजेंसियां पर भारतीय जनता पार्टी की प्रचार मशीनरी होने का आरोप लगाया है। आदित्य ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय एजेंसियां भाजपा की प्रचार मशीनरी बन गई हैं, लेकिन महाराष्ट्र झुकेगा नहीं। यह टिप्पणी आयकर विभाग की ओर से शिवसेना नगरसेवक और बृहन्मुंबई नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव के परिसरों की तलाशी के बाद आई है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले महीने 1034 करोड़ रुपए के भूमि घोटाले के मामले में राउत की बेटियों पूर्वाशी और विधिता की एक फर्म में भागीदार सुजीत पाटकर के आवास पर भी छापेमारी की थी। आदित्य ठाकरे ने कहा कि अतीत में भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया है। यह पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब महाराष्ट्र में हो रहा है। केंद्रीय एजेंसियां एक तरह से भाजपा की प्रचार मशीनरी बन गई हैं। महाराष्ट्र नहीं झुकेगा।
संजय राउत ने भी भाजपा को घेरा
वहीं, छापेमारी को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने भी भाजपा सरकार को निशाना बनाया। राउत ने कहा, केंद्रीय एजेंसियां पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के कुछ चुनिंदा लोगों को क्यों निशाना बना रही हैं। क्या उन्हें दूसरे राज्यों से कोई और नहीं मिलता है, यह एमवीए सरकार पर दबाव बनाने और अस्थिर करने की एक रणनीति है।
संजय राउत ने कहा, ईडी के कुछ अधिकारी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, ईडी भाजपा का एटीएम बन गया है और मैंने पीएम को इन अधिकारियों द्वारा जबरन वसूली का रिकॉर्ड दिया है। ईडी अधिकारियों के गठजोड़ ठेकेदारों, डेवलपर्स और बिल्डरों से उगाही कर रहे हैं।
इससे पहले संजय राउत ने आरोप लगाया था कि भाजपा शासित केंद्र पार्टी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा था कि केंद्रीय एजेंसियां हमारी पार्टी के नेताओं को परेशान कर रही हैं। इन एजेंसियों का उपयोग कर हमारे नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। कुछ भाजपा नेता कह रहे हैं कि महा विकास अघाड़ी सरकार 10 मार्च को गिर जाएगी। ये सभी अफवाहें तब शुरू हुईं जब मैंने उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को लिखा था।
-एजेंसियां