आगरा: न्यू आगरा थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और साइबर ब्लैकमेलिंग का एक बेहद गंभीर और चौकाने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट करने, मानसिक प्रताड़ना देने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी छवि धूमिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी के बाद से ही शुरू हो गया था प्रताड़ना का दौर
पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 14 फरवरी 2024 को शाहगंज के खेरिया मोड़ निवासी अतुल पुत्र योगेश पाल के साथ हुआ था। परिवार द्वारा हैसियत के मुताबिक दहेज दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही सास रामबेटी और ननद पूजा द्वारा उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे। साथ ही, उसके सोने-चांदी के गहने भी ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में ले लिए।
AI और सोशल मीडिया का सहारा लेकर बदनाम करने की साजिश
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू पति अतुल पर लगे साइबर ब्लैकमेलिंग के आरोप हैं। पीड़िता का दावा है कि उसका पति न केवल महिलाओं से फर्जी आईडी के माध्यम से बात करता है, बल्कि एआई तकनीक का उपयोग कर आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो तैयार कर लोगों को ब्लैकमेल करता है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसके नाम से भी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और ईमेल आईडी बनाई है, ताकि वह उसकी सामाजिक छवि खराब कर सके और उसे बदनाम कर सके।
नशीला पदार्थ देकर जान लेने की कोशिश
दहेज में 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना का स्तर और बढ़ गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सितंबर 2024 में उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया था, जिससे उसकी जान पर बन आई थी। इसके अलावा, उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट करने के भी आरोप हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसे आर्थिक रूप से असहाय करने के लिए उसके शैक्षिक दस्तावेज और जेवरात भी हड़प लिए गए हैं।
सुरक्षा को लेकर चिंतित है पीड़िता
वर्तमान में पीड़िता अपने मायके में शरण लिए हुए है, लेकिन वह ससुराल पक्ष के लगातार दबाव और धमकियों से डरी हुई है। उसने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। न्यू आगरा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति अतुल, ससुर योगेश पाल, सास रामबेटी और ननद पूजा के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा में झकझोर देने वाली घटना: 12वीं के छात्र ने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली, मौत से क्षेत्र में शोक की लहर - July 24, 2026
- Agra News: होटल में पति-पत्नी के हाई-वोल्टेज हंगामे का वीडियो वायरल, स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल - July 24, 2026
- बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का आगरा दौरा: कहा – यूपी टी-20 लीग से संवर रहा युवा खिलाड़ियों का भविष्य, नीट विवाद पर सरकार को घेरा - July 24, 2026