आगरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देशभर में लागू GST 2.0 को लेकर आगरा में विशेष GST बचत उत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर पहुँचकर व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर घटाई गई GST दरों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सिकंदरा स्थित सनी टोयोटा कार शोरूम से हुई, जहाँ सांसद नवीन जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नए वाहन ग्राहकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि GST 2.0 से वाहनों पर बड़ी राहत मिली है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों के सपनों को साकार करने में मदद मिलेगी।
इसके बाद सांसद प्रतापपुरा स्थित रतन होंडा एक्टिवा शोरूम पहुँचे। यहाँ उन्होंने आने वाले ग्राहकों को GST में दी गई छूट के लाभ समझाते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम दैनिक जीवन की जरूरतों के साथ-साथ वाहन खरीद जैसे बड़े खर्चों में भी सीधी राहत देगा।
श्रृंखला का समापन सदर पुलिस चौकी स्थित रसगुल्ला हाउस पर हुआ, जहाँ सांसद ने 200 से अधिक व्यापारियों व ग्राहकों से सीधा संवाद किया व घटाई गई GST दरों की जानकारी दी और आग्रह किया कि दुकानदार इस लाभ को सीधे जनता तक पहुँचाएँ।
GST बचत उत्सव से जनता को दवाइयों, मेडिकल उपकरणों, स्वास्थ्य बीमा, फिटनेस सुविधाओं के साथ-साथ वाहनों पर भी कर छूट का लाभ मिलेगा। यह कदम “स्वस्थ भारत से विकसित भारत” की संकल्पना को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा—
“GST 2.0 देश की आर्थिक प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विशेषकर स्वास्थ्य क्षेत्र और वाहन क्षेत्र में कर दरें कम होने से गरीब व मध्यम वर्ग को सस्ती दवाइयाँ, बेहतर सुविधाएँ और किफायती वाहन उपलब्ध हो सकेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी का यह निर्णय सबका साथ, सबका विकास की दिशा में बड़ा कदम है।”
इस मौके पर आम जन मानस ने “धन्यवाद मोदी जी” के नारे लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक जी.एस. धर्मेश, राजेश गोयल (उपाध्यक्ष छावनी परिषद), रावली मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह लोधी, छावनी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार, महानगर उपाध्यक्ष महेश शर्मा, अनिल सारस्वत, राहुल वैध, प्रवीण जैन, संजीव चौबे, विजय गौड़ तथा वक्फ बोर्ड के निदेशक गुलाम मोहम्मद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर- पुष्पेंद्र गोस्वामी
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026