देवरिया। उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) में भारी लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देवरिया के अबूबकर नगर उत्तरी इलाके में एक मुस्लिम परिवार के मकान नंबर में सात ऐसे हिंदू मतदाताओं के नाम दर्ज कर दिए गए हैं, जो वहां रहते ही नहीं हैं। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने इसकी जांच ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा को सौंप दी है।
मकान नंबर 501 का रहस्य
पीड़ित अंजुम रहमान ने बताया कि उनका मकान नंबर 501 है और उनके परिवार के सदस्य इसी पते पर मतदाता हैं। लेकिन जब उन्होंने नई मतदाता सूची देखी, तो उनके होश उड़ गए। सूची में उनके घर के पते पर न केवल अनजान लोगों के नाम थे, बल्कि फर्जी तरीके से मकान नंबर का बंटवारा भी कर दिया गया था।
मकान नंबर 501 में विनोद मद्धेशिया और बिंदु देवी जैसे नाम जोड़ दिए गए। मकान नंबर 501/2 में अशोक कुमार, मणी देवी, दुर्गेश गुप्ता और आदित्य सिंह के नाम दर्ज मिले।
अंजुम रहमान का कहना है कि उनके मकान का कभी बंटवारा ही नहीं हुआ, तो ‘501/2’ नंबर कहां से आया? ये लोग न तो उनके घर में रहते हैं और न ही मोहल्ले में कहीं नजर आते हैं।
2003 की सूची से गायब, फिर भी कैसे आए नाम?
SIR प्रक्रिया का मुख्य आधार साल 2003 की मतदाता सूची है। नियमों के मुताबिक नए नाम तभी जुड़ सकते हैं जब उनका कोई पुख्ता आधार हो। चौंकाने वाली बात यह है कि इन सात मतदाताओं का नाम 2003 की सूची में कहीं नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बीएलओ (BLO) ने बिना सत्यापन के ये नाम अंजुम रहमान के घर के पते पर कैसे दर्ज कर दिए?
बीएलओ पर गिर सकती है गाज
एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले बीएलओ और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि फर्जी तरीके से नाम बढ़ाने या घटाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026