मुंबई (अनिल बेदाग)। मुंबई में आयोजित ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ की विशेष स्क्रीनिंग ने न केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों को बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी नई ऊंचाइयों पर पहुँचा दिया है। फिल्म की लोकप्रियता का आलम यह है कि रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी दर्शक इसे देखने के लिए खिंचे चले आ रहे हैं, लेकिन बुधवार को आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग ने सभी को भावुक कर दिया।
ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे पहुंची प्रशंसक
इस स्क्रीनिंग का सबसे हृदयस्पर्शी दृश्य वह रहा, जब एक गंभीर रूप से बीमार प्रशंसक ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ फिल्म देखने पहुँची। उसकी अटूट आस्था और फिल्म के प्रति लगाव को देखकर वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध और भावविभोर हो गए। यह घटना साबित करती है कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए एक भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव का माध्यम बन चुकी है।
भक्तिमय हुआ वातावरण
सिनेमाघर का माहौल किसी फिल्म स्क्रीनिंग जैसा नहीं, बल्कि एक दिव्य महोत्सव जैसा लग रहा था। 1000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में “जय श्री कृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रसिद्ध बांसुरी वादक नवीन कुमार के लाइव वादन ने माहौल को और अधिक अलौकिक बना दिया।
सितारों का लगा जमावड़ा
इस भव्य आयोजन में मनोरंजन जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की, जिनमें जसपिंदर नरूला, राखी सावंत, पूनम पांडे, अरुण बक्शी और गुरप्रीत चड्ढा प्रमुख रहे। फिल्म के मुख्य कलाकारों—श्रीकृष्ण की भूमिका में सिद्धार्थ गुप्ता और सत्यभामा बनीं संस्कृति जयना ने भी दर्शकों के बीच पहुंचकर अपनी खुशी साझा की।
बॉक्स ऑफिस पर ‘दिव्य’ कामयाबी
40 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी यह फिल्म लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि ‘कृष्णावतारम’ का यह सफर यह दर्शाता है कि दर्शकों को जब अपनी जड़ों और आस्था से जुड़ा कंटेंट मिलता है, तो वे उसे ऐतिहासिक सफलता दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
- सावन के तीसरे सोमवार पर शिवमय हुई ताजनगरी: कैलाश समेत प्रमुख शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे बम-बम भोले के जयकारे - August 17, 2026
- सावन की गूंज और सेवा का संकल्प: कैलाश मेले के अवसर पर लायंस क्लब आकाश ने लगाया अन्न सेवा शिविर, बंटी महाप्रसादी - August 17, 2026
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 18 आईएएस अधिकारियों का किया तबादला, सहायक मजिस्ट्रेटों को मिली संयुक्त मजिस्ट्रेट की नई जिम्मेदारी - August 17, 2026