फिरोजाबाद (अकबरपुर): उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में धार्मिक आस्था और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ विश्व प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली, अकबरपुर (फिरोजाबाद) को भव्य स्वरूप दे रही है। यहाँ लगभग 865.98 लाख रुपये की लागत से बन रहा आधुनिक कन्वेंशन सेंटर अब अपने अंतिम चरण में है। परियोजना का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और उम्मीद है कि अप्रैल माह के अंत तक इसे आम जनता और श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा कन्वेंशन सेंटर
इस भव्य कन्वेंशन सेंटर में मल्टीपर्पज हॉल, सांस्कृतिक ब्लॉक और एक अत्याधुनिक एग्जीबिशन हॉल बनाया जा रहा है। इस हॉल में बाबा नीब करौरी के जीवन दर्शन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, डाइनिंग हॉल और किचन की व्यवस्था होगी, जबकि प्रथम तल पर पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग डॉर्मिटरी बनाई जा रही हैं, जहाँ 60 लोगों के ठहरने का प्रबंध होगा।
कैंची धाम की तरह मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली को एक प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह परियोजना न सिर्फ आस्था को सशक्त करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।” इसके साथ ही क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 1.77 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य भी शुरू किया गया है।
पर्यटन विभाग का ‘विज़न अकबरपुर’
अपर मुख्य सचिव (पर्यटन) अमृत अभिजात ने कहा कि अक्सर श्रद्धालु उत्तराखंड के कैंची धाम जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को बाबा की जन्मस्थली के बारे में जानकारी है। सरकार का उद्देश्य अकबरपुर को वैश्विक पहचान दिलाना है। यहाँ होम-स्टे और कन्वेंशन सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित होने से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
- त्योहारी सीजन में डिजिटल पेमेंट करने वालों को बड़ी राहत, यूपीआई पर MDR लागू करने का फैसला फिलहाल टला - October 13, 2026
- कोलकाता में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बदसलूकी: कालीघाट दुर्गा पंडाल उद्घाटन के दौरान महिला ने की हमले की कोशिश - October 13, 2026
- मोदी कैबिनेट से एल मुरुगन का इस्तीफा: केंद्रीय राज्यमंत्री और राज्यसभा सदस्यता पद छोड़ संगठन में लौटे - October 13, 2026