आगरा: ताज नगरी में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भाजपा विधायक के भतीजे और पार्षद पुत्र से जुड़ी ठगी की चर्चाएं अभी थमी भी नहीं थीं कि ताजगंज क्षेत्र से सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.46 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी रोहनजय पाण्डेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने थाना ताजगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रोहनजय पाण्डेय ने खुद को एक टीजीटी शिक्षक के रूप में पेश किया था। आरोपी ने पीड़िता को विश्वास में लेते हुए दावा किया कि सचिवालय और शासन स्तर पर उसकी पकड़ बहुत मजबूत है और वह अपनी पहुंच के जरिए उसे उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी दिला सकता है। आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता ने समय-समय पर यूपीआई ट्रांजैक्शन और नकद के माध्यम से उसे कुल 2 लाख 46 हजार रुपये का भुगतान कर दिया।
शिकायत के अनुसार, रुपये लेने के बाद आरोपी लंबे समय तक नौकरी लगने का झूठा आश्वासन देता रहा और नियुक्ति प्रक्रिया का बहाना बनाकर समय टालता रहा। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली, तो पीड़िता को ठगी का संदेह हुआ। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने पहले टालमटोल की और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। स्पष्ट इनकार मिलने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस की शरण ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ताजगंज पुलिस ने आरोपी रोहनजय पाण्डेय के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लेन-देन से जुड़े डिजिटल ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हाल के समय में नौकरी के नाम पर बढ़ती ठगी की वारदातों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों को सचेत किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भर्तियों से संबंधित कोई भी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइटों या सरकारी माध्यमों से ही प्राप्त करें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को नौकरी के नाम पर धनराशि न दें।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए जिलाधिकारी - September 22, 2026
- श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम: आगरा के रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित हुआ भव्य पौष पत्री भंडारा, उमड़े श्रद्धालु - September 22, 2026
- आगरा रामलीला मैदान का निरीक्षण: टूटा मंच, फैली गंदगी और नहीं हटीं झोपड़ियां; महापौर हेमलता दिवाकर ने दिए तीन-चार दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश - September 21, 2026